अलीराजपुर, नावेद रजा/ खबर डिजीटल/ जिले में सरकारी स्कूल की हालत लगातार खराब होती जा रही है कठ्ठीवाडा के ग्राम मोटीबडाई की प्राथमिक शाला भवन की छत सोमवार सुबह अचानक गिर गयी। गनीमत रही कि यह हादसा सुबह करीब 10 बजे हुआ। यदि यह हादसा स्कूल समय में होता, तो बड़ी जनहानि से इंकार नहीं किया जा सकता था।
छत गिरने की सूचना मिलते ही गांव में हड़कंप मच गया। बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर एकत्रित हो गए और विद्यालय भवन की हालत को लेकर नाराजगी जताई। घटना की सूचना प्रशासन को दी गई, जिस पर कठ्ठीवाडा बीडीओ शंकर लाल जाटव मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया।
शिक्षकों ने पहले से ही जताई थी चिंता
कार्यालय शिक्षकों ने बताया कि बीते करीब 3 वर्ष से भवन की हालत लगातार खराब होती जा रही थी। छत से प्लास्टर गिरना, दीवारों में दरार आना, बरसात के समय पानी टपकना आम हो गया था। कई बार उच्च अधिकारियों को इसकी जानकारी दी गई लेकिन कोई ठोस कार्यवाही नहीं हो पाई।
छात्रों और अभिभावकों में भय का माहौल
छात्रों और उनके अभिभावक में इस हादसे के बाद डर का माहौल है। ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि विद्यालय भवन की पुनर्निर्माण किया जाए ताकि बच्चों की पढ़ाई सुरक्षित और बिना डर के जारी रह सके।


