Baba Bageshwar Threats : मध्यप्रदेश के छतरपुर जिले के प्रसिद्ध बागेश्वर धाम के पीठाधीश्वर धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री ने एक बार फिर हिंदू राष्ट्र और सनातन धर्म को लेकर बड़ा बयान दिया है। उन्होंने कहा कि उन्हें लगातार धमकियां मिल रही हैं और उनके खिलाफ साजिशें रची जा रही हैं, लेकिन वे सनातन धर्म के लिए पीछे नहीं हटेंगे।
तरुण हत्याकांड का किया जिक्र
धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री ने अपने बयान में दिल्ली में हुए तरुण हत्याकांड का जिक्र करते हुए कहा कि होली पर पानी का गुब्बारा फेंकने जैसी छोटी सी बात पर रोहित नाम के युवक की हत्या कर दी गई। यह समाज के लिए गंभीर चेतावनी है। उन्होंने आगे कहा कि यदि हिंदू समाज समय रहते एकजुट नहीं हुआ तो भविष्य में हालात और गंभीर हो सकते हैं।
हमारे खिलाफ रची जा रही हैं साजिशें
बाबा बागेश्वर ने कहा कि उन्हें लगातार धमकियां दी जा रही हैं और उनके खिलाफ योजनाबद्ध तरीके से लोगों को भेजा जा रहा है। उन्होंने दावा किया कि धाम में आने वाले कुछ लोगों पर भी उनकी नजर है, जो षड्यंत्र के तहत वहां पहुंचते हैं।
सनातन के लिए संकल्प
धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री ने कहा कि चाहे कितनी भी चुनौतियां आएं, वे सनातन धर्म की रक्षा के लिए डटे रहेंगे। उन्होंने कहा है कि प्राण भले ही दे देंगे, लेकिन हिंदुओं को कभी झुकने नहीं देंगे। जब तक जीवन है, तब तक सनातन के लिए ही जिएंगे।


