बैतूल/ सचिन जैन/ खबर डिजिटल/ जिले के तिलक, आजाद और आर्यपुरा वार्ड की संकरी गलियों में अब आपातकालीन वाहन बिना किसी रुकावट के पहुंच सकेंगे। सोमवार को कलेक्टर नरेंद्र कुमार सूर्यवंशी और पुलिस अधीक्षक वीरेंद्र जैन ने लाव-लश्कर के साथ इन वार्डों का पैदल निरीक्षण किया। इस दौरान अधिकारियों ने उन बाधाओं को बारीकी से देखा जो किसी हादसे के वक्त जान बचाने में रोड़ा बनती हैं।
अवैध कब्जों पर चलेगा प्रशासन का डंडा
कलेक्टर ने निरीक्षण के दौरान पाया कि कई जगह लोगों ने सड़क की चौड़ाई को अवैध निर्माण और अतिक्रमण से कम कर दिया है। उन्होंने नगर पालिका को सख्त लहजे में कहा कि सड़क घेरकर बनाए गए निर्माणों को तुरंत ध्वस्त किया जाए। साथ ही, मार्ग के बीच में आ रहे हैंडपंप और बिजली के पोल को किनारे शिफ्ट करने के निर्देश दिए ताकि बड़े वाहन आसानी से मुड़ सकें।
व्यापारियों को अंतिम चेतावनी
प्रशासन ने बाजार क्षेत्र के दुकानदारों को साफ संदेश दिया है कि सामान दुकान के बाहर न सजाएं। खुली नालियों को लोहे के जाल या पक्की स्लैब से ढंकने का काम भी युद्ध स्तर पर शुरू होगा। निरीक्षण में एसडीएम डॉ. अभिजीत सिंह, एसडीओपी सुनील लाटा और तहसीलदार पूनम साहू सहित पुलिस और राजस्व का अमला मौजूद रहा। कलेक्टर ने स्पष्ट किया कि जनसुरक्षा से खिलवाड़ करने वाले किसी भी अतिक्रमण को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।


