बैतूल/सचिन जैन/खबर डिजिटल/ बडोरा मंडी में अव्यवस्थाओं को लेकर मिल रही शिकायतों पर कलेक्टर श्री नरेन्द्र कुमार सूर्यवंशी ने बुधवार को औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने मंडी परिसर में बड़े पैमाने पर खुले में रखे माल को देखकर नाराजगी जताई और कहा कि इस स्थिति के चलते किसानों को अपनी उपज बेचने में परेशानी हो रही है, जिसे तत्काल हल करने का काम किया जाए।
कलेक्टर ने दिए सख्त निर्देश
कलेक्टर नरेंद्र सूर्यवंशी ने मंडी सचिव को स्पष्ट निर्देश दिए कि किसानों को किसी भी प्रकार की दिक्कत न हो और मंडी परिसर में सुव्यवस्थित व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। उन्होंने व्यापारियों से चर्चा कर खुले में पड़े मक्का को शीघ्र उठवाने को कहा तथा अधिक संख्या में ट्रक नियोजित कर प्लेटफार्म के पास रखे माल को प्राथमिकता से उठवाने के निर्देश मंडी प्रशासन को दिए।
वाहनों को लेकर बेहतर व्यवस्था के निर्देश
निरीक्षण के दौरान कलेक्टर नरेंद्र सूर्यवंशी ने वाहनों की आवाजाही की व्यवस्था भी बेहतर की जाए, ताकि किसानों की उपज का विक्रय बिना किसी बाधा के सुगमता से हो सके। कलेक्टर ने किसानों से आत्मीय संवाद कर भरोसा दिलाया कि मंडी की सभी व्यवस्थाओं को जल्द दुरुस्त किया जाएगा। निरीक्षण के दौरान एसडीएम अभिजीत सिंह, मंडी सचिव सहित व्यापारी और किसान उपस्थित रहे।


