डेस्क। भिंड जिले में सड़क हादसे में चार साल के एक बच्चे की मौत हो गई। यह हादसा शनिवार शाम नेशनल हाईवे-719 पर देहात थाना क्षेत्र के कनकूरा गांव के पास हुआ। पुलिस के मुताबिक बाइक पर अपने दादा के साथ जा रहा बच्चा चलती कार का गेट खुलने के बाद हुए हादसे का शिकार हो गया। पुलिस ने कार जब्त कर चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
ओवरटेक के दौरान हुआ हादसा
पुलिस के अनुसार देवांश यादव अपने दादा सुनील यादव के साथ बाइक से भिंड बाजार जा रहा था। कुंवारी नदी पुल के पास उनकी बाइक एक ब्रेजा कार को ओवरटेक कर रही थी। इसी दौरान कार चालक ने अचानक गेट खोल दिया। बाइक कार के गेट से टकरा गई और संतुलन बिगड़ने से हादसा हो गया।
सड़क पर गिरने से मासूम की मौत
टक्कर के बाद चार साल का देवांश बाइक से उछलकर सड़क पर गिर गया और कार के पहिए की चपेट में आ गया। हादसे में उसकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद स्थानीय लोगों की भीड़ मौके पर जुट गई और पुलिस को सूचना दी गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के बयान भी जांच में शामिल
प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि कार चालक ने गुटखा थूकने के लिए गेट खोला था। हालांकि पुलिस इस दावे की जांच कर रही है और सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की पड़ताल की जा रही है। कार की मालिक बीजेपी महिला मोर्चा की पूर्व जिला अध्यक्ष सीमा शर्मा बताई जा रही हैं।
हंगामे के बाद हाईवे पर लगा जाम
हादसे के बाद लोगों ने चालक की पिटाई कर दी और नेशनल हाईवे पर जाम लगा दिया। इसी दौरान घटना का वीडियो बना रहे एक युवक के साथ भी मारपीट की गई, जिसमें वह घायल हो गया। सूचना मिलने पर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थिति सामान्य कराई। करीब आधा किलोमीटर तक लगे जाम को हटाया गया। पुलिस ने कार जब्त कर ली है और देवांश के परिजनों की शिकायत पर चालक के खिलाफ केस दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी है।
ये खबर भी पढ़ें..
