Wednesday, November 4, 2026
Homeमध्यप्रदेशभोपालBhopal STF Raid: भोपाल में सूने मकान में मिला नशीले कफ सिरप...

Bhopal STF Raid: भोपाल में सूने मकान में मिला नशीले कफ सिरप का जखीरा, STF ने की आधी रात कार्रवाई

भोपाल। गांधी नगर थाना क्षेत्र में एसटीएफ ने देर रात बड़ी कार्रवाई करते हुए एक सूने मकान से भारी मात्रा में नशीला कफ सिरप बरामद किया है। डोबरा पटेल सिटी कॉलोनी में हुई इस कार्रवाई के बाद इलाके में हड़कंप मच गया। एसटीएफ अब इस अवैध कारोबार से जुड़े नेटवर्क और मकान मालिक की भूमिका की जांच में जुट गई है।

आधी रात STF का छापा

जानकारी के मुताबिक एसटीएफ को लंबे समय से सूचना मिल रही थी कि गांधी नगर इलाके के ग्राम डोबरा स्थित डोबरा पटेल सिटी कॉलोनी के एक मकान में अवैध रूप से नशीले कफ सिरप का भंडारण किया जा रहा है। सूचना पुख्ता होने के बाद गुरुवार और शुक्रवार की दरमियानी रात करीब 12 बजे एसटीएफ की टीम ने मकान पर छापा मारा। कार्रवाई देर रात से सुबह करीब 4 बजे तक चलती रही।

दो कमरों में मिला नशीले सिरप का बड़ा स्टॉक

सर्चिंग के दौरान मकान के दो कमरों से बड़ी संख्या में नशीले कफ सिरप के कार्टन और बोतलें बरामद की गईं। एसटीएफ ने मौके से सैंपल लेकर जांच के लिए भेज दिए हैं। फिलहाल जब्ती की कार्रवाई पूरी कर ली गई है और बरामद माल की गिनती की जा रही है। जांच रिपोर्ट आने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई तय की जाएगी।

भोपाल को बनाया गया था गोदाम

प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि यह मकान नशीले कफ सिरप के स्टोरेज और सप्लाई पॉइंट के रूप में इस्तेमाल किया जा रहा था। अधिकारियों के मुताबिक देर रात बड़े वाहनों के जरिए यहां लोडिंग और अनलोडिंग की जाती थी। एसटीएफ को आशंका है कि यहां से प्रदेश के अन्य जिलों और संभवतः दूसरे राज्यों तक भी सप्लाई की जा रही थी। कार्रवाई के दौरान एक व्यक्ति मौके पर पहुंचा, जिसे एसटीएफ ने हिरासत में ले लिया। उससे पूछताछ कर पूरे नेटवर्क और मुख्य तस्करों तक पहुंचने की कोशिश की जा रही है।

थाना पुलिस को नहीं लगी भनक

एसटीएफ ने पूरी कार्रवाई बेहद गोपनीय तरीके से की। बताया जा रहा है कि गांधी नगर थाना पुलिस को भी कार्रवाई की जानकारी पहले से नहीं थी। अब एसटीएफ कॉलोनी के लोगों से पूछताछ कर मकान मालिक और तस्करी से जुड़े अन्य लोगों की जानकारी जुटा रही है।

सप्लाई चैन की भी जांच

सूत्रों के मुताबिक एजेंसी अब नशीले कफ सिरप की सप्लाई चैन, वितरण नेटवर्क और इसमें शामिल अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच कर रही है। आने वाले दिनों में इस मामले में और बड़े खुलासे हो सकते हैं। यह कार्रवाई राजधानी भोपाल में तेजी से फैल रहे नशीले पदार्थों के अवैध कारोबार पर एक बड़ी कार्रवाई मानी जा रही है।

ये खबर भी पढ़िये..

सम्बंधित ख़बरें

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

लेटेस्ट