भोपाल/ खबर डिजिटल/ मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने बुधवार को राजधानी भोपाल स्थित सुभाष उत्कृष्ट विद्यालय में मध्यप्रदेश शिक्षक संघ द्वारा आयोजित अभिनंदन समारोह में सहभागिता की। इस अवसर पर शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान देने वाले शिक्षकों को सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में शिक्षक संघ ने शिक्षक हित में लिए गए निर्णयों के लिए मुख्यमंत्री का अभिनंदन किया। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि समय और युग बदलते रहे हैं, लेकिन शिक्षकों का सम्मान कभी कम नहीं हुआ। शिक्षक उस दीपक के समान हैं जो स्वयं जलकर समाज को प्रकाश देते हैं। उन्होंने बताया कि शिक्षकों के सतत प्रयासों से प्रदेश के शासकीय विद्यालयों के परीक्षा परिणाम ऐतिहासिक रूप से बेहतर हुए हैं। विद्यार्थियों के नामांकन में भी उल्लेखनीय वृद्धि हुई है और प्रदेश में बच्चों की ड्रॉप-आउट दर शून्य तक पहुंच गई है।

इसी सत्र से खुलेंगे 200 नए सांदीपनि विद्यालय
प्रदेश स्तरीय शैक्षिक गुणवत्ता शिक्षक सम्मेलन को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि सांदीपनि विद्यालय और पीएमश्री विद्यालय शिक्षा की गुणवत्ता के नए मानक स्थापित कर रहे हैं। इन्हीं की सफलता से प्रेरित होकर राज्य में इसी शैक्षणिक सत्र से 200 नए सांदीपनि विद्यालय खोले जाएंगे। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय शिक्षा नीति-2020 को लागू करने में मध्यप्रदेश देश के अग्रणी राज्यों में है और एआई, कोडिंग व कौशल आधारित शिक्षा को बढ़ावा दिया जा रहा है।
सेवानिवृत्त शिक्षकों का सम्मान कर लिया आशीर्वाद
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने सेवानिवृत्त व्याख्याता कोकिला सेन, बद्री प्रसाद तिवारी, बृजमोहन आचार्य, देव कृष्ण व्यास और किशनलाल नाकड़ा को सम्मानित किया। कोकिला सेन, जिन्होंने उज्जैन में मुख्यमंत्री को भौतिक शास्त्र पढ़ाया था, उनके चरण छूकर मुख्यमंत्री ने आशीर्वाद लिया।
कैलेंडर, डायरी और पुस्तिका का विमोचन
इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने शिक्षक संघ की विकास यात्रा पर आधारित प्रदर्शनी का शुभारंभ किया। साथ ही संघ के वार्षिक कैलेंडर, हमारा विद्यालय-हमारा तीर्थ पुस्तिका, टेबल कैलेंडर और डायरी का विमोचन भी किया।


