सौरभ श्रीवास्तव
खबर डिजिटल— कटनी जिले के अंतर्गत जनपद पंचायत विजयराघवगढ़ की ग्राम पंचायत चोरी में गंभीर वित्तीय अनियमितता का मामला सामने आया है। आरोप है कि मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के बड़वारा जनपद में आयोजित कार्यक्रम के दौरान निजी वाहन को पंचायत का वाहन दर्शाकर सरकारी राशि का दुरुपयोग किया गया।प्राप्त जानकारी के अनुसार, ग्राम पंचायत चोरी के सचिव एवं सरपंच द्वारा एक निजी वैगनआर कार, वाहन क्रमांक MP 21 ZF 1833, को पंचायत के नाम पर बुक दिखाया गया। जबकि बताया जा रहा है कि यह वाहन पूरी तरह निजी है। वाहन में चालक सहित केवल पांच लोगों के बैठने की क्षमता है, लेकिन पंचायत रिकॉर्ड में आठ व्यक्तियों का खर्च दर्शाया गया है।रिकॉर्ड के अनुसार उक्त वाहन के लिए ₹3500 का बिल तथा नाश्ते के नाम पर आठ नग का ₹1440 का बिल पंचायत मद से लगाया गया है।इस मामले की शिकायत पहले संबंधित इंजीनियर को की गई, लेकिन उनकी ओर से कोई जवाब नहीं मिला। इसके बाद जनपद पंचायत विजयराघवगढ़ के मुख्य कार्यपालन अधिकारी (सीईओ) को भी अवगत कराया गया, किंतु अब तक उनकी तरफ से भी कोई प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।शिकायतों के बावजूद कार्रवाई न होने से पंचायत में वित्तीय पारदर्शिता और जिम्मेदार अधिकारियों की भूमिका पर सवाल खड़े हो रहे हैं। अब देखना होगा कि प्रशासन इस कथित अनियमितता को लेकर क्या कदम उठाता है।


