Tuesday, November 3, 2026
Homeमध्यप्रदेशकटनीशासकीय ज़मीन पर फिर गूंजा क्रेशर! बंद प्लांट दोबारा चालू होने से...

शासकीय ज़मीन पर फिर गूंजा क्रेशर! बंद प्लांट दोबारा चालू होने से प्रशासन पर उठे सवाल

खबर डिजिटल न्यूज़ रिपोर्टर /कटनी/बरहीबरही क्षेत्र के ग्राम बिचपुरा कनौर में शासकीय भूमि पर कथित रूप से संचालित क्रेशर प्लांट का मामला एक बार फिर सुर्खियों में है। स्थानीय ग्रामीणों और क्षेत्रीय सूत्रों का दावा है कि प्रशासन की कार्रवाई के बावजूद बंद कराया गया क्रेशर दोबारा संचालित होने लगा है। इसे लेकर ग्रामीणों में भारी नाराजगी है और प्रशासन की कार्रवाई की निष्पक्षता पर सवाल उठाए जा रहे हैं।ग्रामीणों का कहना है कि यदि क्रेशर वास्तव में शासकीय भूमि पर संचालित पाया गया था, तो उसे पूरी तरह हटाया जाना चाहिए था। उनका आरोप है कि मौके पर की गई कार्रवाई केवल औपचारिकता साबित हुई। न तो पूरी मशीनरी हटाई गई और न ही शासकीय भूमि को पूर्ण रूप से अतिक्रमण मुक्त कराया गया।स्थानीय लोगों ने यह सवाल भी उठाया है कि यदि लंबे समय से सरकारी जमीन पर कथित रूप से क्रेशर संचालित हो रहा था, तो संबंधित विभागों और जिम्मेदार अधिकारियों को इसकी जानकारी पहले क्यों नहीं हुई। ग्रामीणों का आरोप है कि मामला सार्वजनिक होने के बाद कार्रवाई तो हुई, लेकिन उसका असर जमीनी स्तर पर नजर नहीं आया।ग्रामीणों के अनुसार यदि नियमों का उल्लंघन पाया गया था, तो संबंधित संचालकों के विरुद्ध विधिसम्मत कार्रवाई, मशीनरी की जब्ती और शासकीय भूमि को पूरी तरह खाली कराया जाना चाहिए था। उनका आरोप है कि सीमित कार्रवाई कर पूरे मामले को ठंडे बस्ते में डालने का प्रयास किया गया।उल्लेखनीय है कि विगत दिनों कलेक्टर के निर्देश पर बरही क्षेत्र के कुछ अवैध क्रेशर प्लांट बंद कराए गए थे। ऐसे में अब बंद कराया गया क्रेशर दोबारा कैसे चालू हो गया, इसे लेकर क्षेत्र में चर्चाओं का दौर तेज हो गया है। कुछ स्थानीय लोग संभावित लेनदेन की भी चर्चा कर रहे हैं। हालांकि, इन दावों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है और न ही प्रशासन की ओर से इस संबंध में कोई आधिकारिक बयान सामने आया है।अब सबसे बड़ा सवाल यही है कि यदि प्रशासन ने कार्रवाई की थी, तो बंद क्रेशर दोबारा किसके संरक्षण में शुरू हुआ? क्या पूरे मामले की निष्पक्ष जांच होगी या फिर यह प्रकरण भी फाइलों में दबकर रह जाएगा? ग्रामीणों ने पूरे मामले की उच्चस्तरीय जांच कर जिम्मेदार अधिकारियों और संचालकों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की मांग की है।

खबर डिजिटल संवाददाता कटनी

सम्बंधित ख़बरें

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

लेटेस्ट