घंसौर(सिवनी)/मनोज नामदेव/खबर डिजिटल/ सिवनी जिले के घंसौर वन परिक्षेत्र के ग्राम बिनोरी में वन विभाग द्वारा अनुभूति कैंप का सफल आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम वनमंडलाधिकारी महेंद्र उइके के मार्गदर्शन में संपन्न हुआ।
इस कैंप का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों को प्रकृति, वन संरक्षण और पर्यावरण संतुलन के प्रति जागरूक करना था। विद्यार्थियों को जंगल भ्रमण कराया गया, जिसमें उन्होंने प्राकृतिक संसाधनों, विभिन्न प्रकार की वनस्पतियां और जीव-जंतु नजदीक से देखे। इस प्रत्यक्ष अनुभव से बच्चों में पर्यावरण के प्रति संवेदनशीलता बढ़ी और संरक्षण की भावना मजबूत हुई। कार्यक्रम में उपस्थित वन विभाग के अधिकारियों और कर्मचारियों ने विद्यार्थियों को वन संरक्षण, जैव विविधता और पर्यावरण संतुलन से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारियां दीं। उन्होंने बताया कि प्राकृतिक संसाधनों का संरक्षण आने वाली पीढ़ियों के लिए अत्यंत आवश्यक है।
कार्यक्रम के अंत में विद्यार्थियों को पर्यावरण संरक्षण का संकल्प दिलाया गया और इसी के साथ अनुभूति कैंप का समापन हुआ। इस प्रकार यह कैंप विद्यार्थियों के लिए एक यादगार और शिक्षाप्रद अनुभव साबित हुआ।


