Ujjain Bulldozers Action : मध्यप्रदेश की धार्मिक नगरी उज्जैन में एक बार फिर उज्जैन विकास प्राधिकरण का बुलडोजर एक्शन देखने को मिला। मंगलवार अल सुबह से महाकाल क्षेत्र के बेगमबाग में अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई शुरू की गई, जो देर तक जारी रही। इस दौरान 16 मकानों को हटाने की कार्रवाई प्राधिकरण द्वारा की गई।
42 मकानों पर हो चुकी कार्रवाई
प्राधिकरण के सीईओ संदीप सोनी के अनुसार, इससे पहले भी इसी क्षेत्र में 42 मकानों पर कार्रवाई की जा चुकी है। जिनकी लीज निरस्त हो चुकी थी। मंगलवार को हुई कार्रवाई में भारी पुलिस बल, नगर निगम का अमला और जिला प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर मौजूद रहे, ताकि किसी प्रकार की अप्रिय स्थिति न बने।
महाकाल मंदिर के पास थे मकान
बताया जा रहा है कि जिन मकानों पर कार्रवाई की गई, उनकी लीज पूर्व में ही निरस्त हो चुकी थी। यह सभी मकान महाकाल मंदिर के नंदी द्वार के पास स्थित थे, जहां सिंहस्थ को ध्यान में रखते हुए सड़क चौड़ीकरण का कार्य प्रस्तावित है। प्रशासन ने कहा है कि कार्रवाई से पहले संबंधित लोगों को नोटिस दिए गए थे और मुनादी भी कराई गई थी। इसके बावजूद अतिक्रमण नहीं हटाने पर यह सख्त कदम उठाया गया।
मार्ग का होना है चौड़ीकरण
जानकारी के मुताबिक, हरिफाटक ब्रिज से लेकर महाकाल चौराहे तक मार्ग का चौड़ीकरण किया जाना है, जिससे सिंहस्थ
मेले के दौरान श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधा मिल सके। प्रशासन का कहना है कि आगे भी इस तरह की कार्रवाई लगातार जारी रहेगी, ताकि विकास कार्यों में किसी प्रकार की बाधा न आए।


