Tuesday, November 3, 2026
Homeमध्यप्रदेशMP Cabinet Expansion: नए मंत्रियों के नाम तय, लिस्ट लेकर दिल्ली जा...

MP Cabinet Expansion: नए मंत्रियों के नाम तय, लिस्ट लेकर दिल्ली जा रहे सीएम मोहन!

MP Cabinet Expansion: मध्यप्रदेश की सियासत में एक बार फिर बड़े राजनैतिक बदलाव और फेरबदल की चर्चा शुरू हो गई है। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के कार्यकाल की दो बड़ी परफॉर्मेंस रिव्यू बैठकों के बाद अब सूबे में मोहन मंत्रिमंडल विस्तार 2026 की अटकलें हकीकत में बदलती नजर आ रही हैं। राजनैतिक सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक, सीएम मोहन यादव आज शाम दिल्ली दौरे पर रवाना हो रहे हैं। कयास लगाए जा रहे हैं कि मुख्यमंत्री अपने साथ संभावित नए मंत्रियों के नामों का पूरा खाका लेकर जा रहे हैं, जिसे भाजपा के राष्ट्रीय शीर्ष नेतृत्व के सामने टेबल पर रखा जाएगा।

दिल्ली दरबार में फाइनल होगी मोहन टीम

बीजेपी सूत्रों का कहना है कि मुख्यमंत्री मोहन यादव दिल्ली में भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नीतिन नबीन, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और संगठन के वरिष्ठ पदाधिकारियों के साथ एक बैठक करेंगे। इस बैठक में राज्य के क्षेत्रीय और जातीय समीकरणों को साधते हुए रिक्त पड़े मंत्री पदों को भरने पर अंतिम सहमति बनाई जाएगी। आलाकमान की हरी झंडी मिलते ही भोपाल लौटकर राजभवन में शपथ ग्रहण समारोह की तारीख तय कर दी जाएगी।

इन दिग्गजों के नामों की चर्चा

मंत्रिमंडल के इस संभावित विस्तार में पार्टी के कद्दावर और वरिष्ठ चेहरों की मोहन कैबिनेट में एंट्री तय मानी जा रही है। सूत्रों के मुताबिक, जिन नामों को लेकर दिल्ली में चर्चा होनी है, उनमें गोपाल भार्गव, डॉ. नरोत्तम मिश्रा, रामेश्वर शर्मा और महिला वोट बैंक को देखते हुए मालवा या महाकौशल क्षेत्र की एक महिला विधायक को भी कैबिनेट मंत्री या राज्यमंत्री का दर्जा दिया जा सकता है।

नरोत्तम की उम्मीदवारी पर मंथन

राजनैतिक विश्लेषकों का मानना है कि मंत्रिमंडल विस्तार की यह पूरी पटकथा दतिया विधानसभा में होने वाले संभावित उपचुनाव से जुड़ी हुई है। सूत्रों के अनुसार, दिल्ली में होने वाली इस बड़ी बैठक में दतिया उपचुनाव के लिए भाजपा उम्मीदवार के नाम पर भी चर्चा होगी, जिसमें पूर्व गृहमंत्री डॉ. नरोत्तम मिश्रा का टिकट लगभग तय माना जा रहा है। दतिया उपचुनाव के नतीजे आने या चुनावी प्रक्रिया पूरी होते ही नए मंत्रियों की आधिकारिक घोषणा और शपथ ग्रहण का रास्ता साफ हो जाएगा।

निगम-मंडलों में नियुक्तियां

सीएम मोहन के दिल्ली दौरे का एक और संवेदनशील और महत्वपूर्ण एजेंडा मध्य प्रदेश के विभिन्न निगम, मंडल और प्राधिकरणों में होने वाली नियुक्तियां हैं। सियासी गलियारों में यह चर्चा लंबे समय से तैर रही है कि केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया अपने कुछ खास समर्थकों और पूर्व विधायकों को निगम-मंडलों में पद न मिलने के कारण अंदरूनी तौर पर नाराज चल रहे हैं। सूत्रों का दावा है कि दिल्ली की इस बैठक में सीएम मोहन यादव और केंद्रीय नेतृत्व के बीच सिंधिया गुट के नेताओं को निगम-मंडलों में एडजस्ट करने के फॉर्मूले पर भी दोबारा चर्चा होगी। ताकि पार्टी में असंतोष को समय रहते थामा जा सके।

सम्बंधित ख़बरें

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

लेटेस्ट