डिंडौरी/शैलेंद्र नामदेव/खबर डिजिटल/ सीएम राइज स्कूल (सांदीपनि विद्यालय) शहपुरा का शिक्षा परिसर शुक्रवार की सुबह एक नई ऊर्जा और उत्साह से भरा रहा। विद्यालय में हायर सेकंडरी छात्राओं के लिए करियर गाइडेंस शिविर का आयोजन किया गया, जिसका उद्देश्य छात्राओं को पारंपरिक और आधुनिक दोनों प्रकार के करियर विकल्पों की विस्तृत जानकारी उपलब्ध कराना था।
आदित्य पारवानी ने दी जानकारी
शिविर में मुख्य वक्ता के रूप में आमंत्रित चार्टर्ड अकाउंटेंट आदित्य पारवानी ने छात्राओं को वित्तीय क्षेत्र की बारीकियों से परिचित कराया। उन्होंने सरल भाषा में बैंकिंग सेक्टर की परीक्षाओं, चयन प्रक्रिया, आवश्यक योग्यता और करियर ग्रोथ के अवसरों पर विस्तार से चर्चा की। साथ ही डिजिटल फाइनेंस, जीएसटी, कॉर्पोरेट अकाउंटिंग जैसी वर्तमान समय की आवश्यक विषयवस्तु को भी समझाया। सीए पारवानी ने सीए परीक्षा की संरचना-फाउंडेशन, इंटरमीडिएट और फाइनल-तीनों स्तरों की कठिनाई, तैयारी की तकनीक, समय प्रबंधन और अनुशासन जैसे महत्वपूर्ण पहलुओं पर भी विशेष जोर दिया। छात्राओं ने बैंकिंग वेतनमान, सीए की तैयारी में आने वाली चुनौतियाँ और विभिन्न विषय समूहों से इस क्षेत्र में प्रवेश संबंधी कई सवाल पूछे, जिनका उन्होंने धैर्यपूर्वक समाधान दिया।
छात्राओं ने भी बताया
शिविर के दौरान छात्राओं ने बताया कि उन्हें पहली बार स्पष्ट रूप से समझ आया कि बैंकिंग, अकाउंटिंग और चार्टर्ड अकाउंटेंसी जैसे क्षेत्रों में कितने व्यापक अवसर उपलब्ध हैं। कार्यक्रम का माहौल अंत तक उत्साह, सीख और जिज्ञासा से सराबोर रहा।
ये रहे शिविर में मौजूद
कार्यक्रम में विद्यालय के प्राचार्य यशवंत कुमार साहू, जनशिक्षक अश्वनी कुमार साहू और शिक्षक श्याम झारिया उपस्थित रहे। उनका कहना था कि ग्रामीण व अर्धशहरी क्षेत्रों की प्रतिभा अक्सर जानकारी के अभाव में पीछे रह जाती है, ऐसे शिविर उनके लिए अवसरों के नए द्वार खोलते हैं। समापन पर विद्यालय प्रबंधन ने मुख्य वक्ता सीए आदित्य पारवानी का आभार व्यक्त किया और कहा कि भविष्य में भी ऐसे कार्यक्रम आयोजित किए जाते रहेंगे, ताकि छात्राएँ समय रहते सही मार्गदर्शन और उपयोगी जानकारी प्राप्त कर सकें।


