भोपाल/सुनील बंशीवाल/खबर डिजिटल/ मध्यप्रदेश के छतरपुर की बेटी क्रांति गौड़ ने वीमेंस वर्ल्ड कप में शानदार प्रदर्शन कर प्रदेश का मान ऊंचा किया है। वर्ल्ड कप फाइनल की जीत में उन्होंने अहम भूमिका अदा की। क्रांति ने प्रदेश के साथ-साथ देश का नाम पूरी दुनिया में रोशन किया है। जबकि वो किसी सक्षम परिवार से ताल्लुक नहीं रखती, फिर भी कड़ी मेहनत के दम पर ऊंचा मुकाम हासिल किया और तिरंगा की शान को और ऊंचा करने में महती भूमिका अदा की। क्रांति गौड़ की सफलता पर सीएम डॉ. मोहन यादव ने इनाम की घोषणा की है।
एक करोड़ रुपये का मिलेगा इनाम
सीएम मोहन यादव ने एक्स पर लिखा है कि कल क्रिकेट में बेटियों ने धमाल मचा दिया। विश्व विजेता महिला क्रिकेट टीम में मध्यप्रदेश की बेटी एवं प्रतिभावान खिलाड़ी क्रांति गौड़ को मध्यप्रदेश सरकार की ओर से 1 करोड़ देने की घोषणा करते हैं।
सक्षम परिवार से नहीं क्रांति गौड़
क्रांति गौड़ का परिवार आर्थिक रूप कमजोर है। आज भी उनका परिवार दो कमरे के घर में अपना जीवन बसर कर रहा है, और वह भी सरकारी मकान है। क्रांति के परिवार में पांच-भाई बहन है। जिसमें वो सबसे छोटी है। गरीबी की वजह से क्रांति ने महज आठवीं में ही पढ़ाई छोड़ दी थी। इसके बाद क्रिकेट के क्षेत्र में करियर बनाने की ठानी।
टेनिस बॉल से खेलती थी क्रिकेट
क्रांति गौड़ आठ साल की उम्र से क्रिकेट खेल रही है। जिसकी शुरुआत घर के बाहर लड़कों के साथ टेनिस बॉल से क्रिकेट खेलने से हुई। इस दौरान छतरपुर जैसे जिले से ताल्लुक रखने के दौरान उसे कई ताने भी सुनने पड़े, लेकिन आज वही ताने देने वाले तारीफ करते नजर आ रहे हैं। क्रांति के चैंपियन बनने के बाद पूरे गांव में जश्न का माहौल है। सभी तिरंगा लेकर क्रांति गौड़ के घर पहुंचे और पूरे परिवार को शुभकामनाएं दी।


