खबर डिजिटल/ छतरपुर जिले में स्वास्थ्य सेवाओं की लापरवाही का एक वीडियो वायरल हो रहा है। बताया जा रहा है कि शनिवार को चंदला के वार्ड नंबर 4 की रहने वाली गर्भवती महिला प्रियंका को अचानक लेबर पेन हुआ। परिजनों ने 108 एम्बुलेंस सेवा को कई बार कॉल किया, लेकिन गाड़ी मौके पर नहीं पहुंची। मजबूरी में महिला के पति ने उसे हाथ ठेले पर लिटाकर ऊबड़-खाबड़ रास्तों से होते हुए अस्पताल पहुँचाया।
प्रदेश में अस्पताल और डायल 108 की लापरवाही के मामले पहले भी सामने आए हैं। छतरपुर मामले में अस्पताल स्टाफ ने इलाज करने के बजाय कहा कि “अभी स्टाफ उपलब्ध नहीं है, सुबह 8 बजे के बाद आना।” ऐसे हालात में परिजन गर्भवती को वापस घर ले गए।
यह घटना मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के छतरपुर दौरे के अगले ही दिन हुई। सीएम ने शुक्रवार को जिले को नए अस्पताल और बेहतर स्वास्थ्य सुविधाओं का वादा किया था, लेकिन अगले ही दिन यह गंभीर लापरवाही उजागर हो गई।
स्थानीय लोगों का कहना है कि सरकार करोड़ों रुपये का राजस्व लेने के बावजूद सड़क, बिजली, पानी और स्वास्थ्य जैसी बुनियादी सुविधाएं देने में नाकाम है। इस मामले पर सीएमएचओ आर.पी. गुप्ता ने कहा कि उन्हें इस घटना की जानकारी नहीं थी। अस्पताल से बात कर पूरी जानकारी ली जाएगी और उचित कार्रवाई की जाएगी।


