भोपाल/खबर डिजिटल। राजधानी भोपाल, मुख्यमंत्री निवास में आज ‘‘भारत का समय – पृथ्वी का समय विक्रमादित्य वैदिक घड़ी’’ का लोकार्पण एवं युवा संवाद कार्यक्रम आयोजित किया जा रहा है। इस विशेष आयोजन में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव, मंत्रिमंडल के सदस्य, विशिष्ट अतिथि तथा विभिन्न महाविद्यालयों से आए छात्र-छात्राएँ शामिल होंगे। इस कार्यक्रम के चलते भोपाल शहर में रैली भी निकाली जाएगी। जिसके चलते आज भोपाल शहर का ट्रैफिक डाइवर्ट किया गया है। खबर डिजिटल आपको कार्यक्रम की जानकारी देंगे। जिससे आप जाम में फंसने से बच सकें-
बाइक रैली से होगी शुरुआत
कार्यक्रम की शुरुआत ‘‘भारत का समय – पृथ्वी का समय’’ थीम पर आधारित दो-पहिया वाहन रैली से होगी। यह रैली सुबह शौर्य स्मारक से प्रारंभ होकर ठंडी सड़क, 1250 अस्पताल चौराहा, तरुण पुष्कर तिराहा, अपेक्स बैंक तिराहा, रोशनपुरा चौराहा, बाणगंगा चौराहा, पॉलीटेक्निक चौराहा होते हुए आकाशवाणी चौराहा पहुंचेगी। यहाँ से सभी बाइकें श्यामला हिल्स थाना पर पार्क की जाएंगी और प्रतिभागी पैदल सीएम निवास की ओर बढ़ेंगे।
पार्किंग व्यवस्था
चार पहिया वाहनों की पार्किंग के लिए भारत भवन के सामने पार्किंग परिसर निर्धारित किया गया है। वहीं छात्र-छात्राओं को लेकर आने वाली बसें सीएम निवास गेट पर छात्रों को उतारकर बोट क्लब पर पार्क की जाएंगी।
यातायात डायवर्जन
आयोजन को देखते हुए भोपाल पुलिस ने विशेष ट्रैफिक डायवर्जन लागू किया है।
सुबह 9:30 बजे से पॉलीटेक्निक चौराहा से आकाशवाणी चौराहा और आसपास के मार्गों पर सामान्य वाहनों का आवागमन प्रतिबंधित रहेगा।
स्काउट गाइड तिराहा, जनजातीय संग्रहालय, स्मार्ट पार्क, भारत माता चौराहा और स्मार्ट रोड मार्ग से वाहनों को डायवर्ट किया जाएगा।
रैली समाप्त होने के बाद स्काउट गाइड तिराहा से पॉलीटेक्निक चौराहा होकर भी आवाजाही संभव होगी।
पॉलीटेक्निक चौराहा से रोशनपुरा और वीआईपी रोड की ओर ट्रैफिक चालू रहेगा।
पुलिस की अपील
भोपाल ट्रैफिक पुलिस ने नागरिकों से अनुरोध किया है कि वे यातायात नियमों का पालन करें और प्रशासन को सहयोग दें। किसी भी असुविधा की स्थिति में यातायात हेल्पलाइन नंबर 0755-2677340 या 2443850 पर संपर्क किया जा सकता है।


