छिंदवाड़ा/तौफीक मिस्कीनी/खबर डिजिटल/ जिले के अमरवाड़ा थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम करवडोल में खेत में बने एक मकान के अंदर युवक का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। जैसे ही यह खबर गांव में फैली, मौके पर बड़ी संख्या में ग्रामीण एकत्र हो गए और घटना को लेकर तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गईं। कई ग्रामीणों ने युवक की हत्या की आशंका भी जताई है। स्थानीय लोगों द्वारा घटना की सूचना पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही अमरवाड़ा थाना प्रभारी टीआई राजेंद्र धुर्वे पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और मामले की जांच शुरू की।
मृतक की पहचान
प्राप्त जानकारी के अनुसार मृतक की पहचान नीतीश वर्मा के रूप में हुई है, जो खेत में बने मकान में मृत अवस्था में पाया गया। प्रारंभिक तौर पर शव पर चोट के निशान पाए जाने की बात सामने आ रही है, जिसके चलते मामला संदिग्ध प्रतीत हो रहा है।
पुलिस कर रही हर एंगल से जांच
पुलिस ने मौके पर पंचनामा कार्रवाई कर मर्ग कायम किया है और शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया गया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा।
थाना प्रभारी ने दी जानकारी
टीआई राजेंद्र धुर्वे ने बताया कि मामले की सभी पहलुओं से जांच की जा रही है। जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल पुलिस टीम आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है और घटना से जुड़े हर संभावित सुराग को खंगाला जा रहा है।


