रतलाम/रफीक खान/खबर डिजिटल/ जिले के चिकलाना गांव में वर्षों से भय और नशे का साम्राज्य कायम था। एसपी अमित कुमार के नेतृत्व में पुलिस की खुफिया टीम ने आधी रात को गुप्त कार्रवाई कर नशे के सौदागर दिलावर खान के खिलाफ बड़ी कार्यवाही की। प्राथमिक स्कूल के पास चल रही ड्रग फैक्ट्री से 10 किलो से अधिक एमडी ड्रग बरामद हुई, जिसकी बाजार कीमत लगभग 21 करोड़ रुपये है। साथ ही 2 बंदूकें, 90 जिंदा कारतूस, एक सब-इंस्पेक्टर की वर्दी और आईडी, तथा दिलावर के बेटे का फर्जी इंडियन आर्मी कार्ड भी मिला।
दिलावर के आतंक के कारण ग्रामीण शिकायत करने से डरते थे, जबकि 19 लोगों पर पहले ही फर्जी मुकदमे दर्ज थे। इस 15 घंटे के ऑपरेशन में गुजरात और एमपी के मोस्ट वॉन्टेड याकूब लाला समेत 16 लोग हिरासत में लिए गए। अदालत ने 11 आरोपियों को 5 दिन की रिमांड पर भेजा, बाकी को जेल भेज दिया।
एसपी अमित कुमार ने गांव का दौरा कर पुलिस कैंप और नई एसआईटी बनाकर जांच तेज करने का भरोसा दिया। ग्रामीणों ने बुलडोजर से अवैध कब्जों को हटाने की मांग की। चिकलाना अब खुलकर बोलने लगा है और यह अपराध के खिलाफ एक मजबूत शुरुआत है।


