CM Mohan Yadav: मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने भगवान परशुराम की पावन जन्मस्थली जानापाव कुटी को विश्व स्तरीय तीर्थ स्थल के रूप में विकसित करने का बड़ा संकल्प लिया है। भगवान परशुराम के प्रकटोत्सव पर आयोजित कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने श्री परशुराम-श्री कृष्ण लोक के निर्माण की घोषणा की। 17.50 करोड़ रुपये से अधिक की लागत से बनने वाला यह लोक भगवान परशुराम और भगवान कृष्ण के जीवन दर्शन का अनूठा संगम होगा।
कैसा होगा श्री परशुराम-श्री कृष्ण लोक?
धार्मिक और सांस्कृतिक पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए संग्रहालय में शस्त्र दीर्घा अस्त्र-शस्त्र और युद्धकला, उत्पत्ति दीर्घा, स्वरूप दीर्घा, संतुलन दीर्घा और ध्यान दीर्घा का निर्माण होगा। प्रांगण में भगवान परशुराम और भगवान कृष्ण की विशाल कांस्य प्रतिमाएं स्थापित की जाएंगी।पत्थर और धातु से निर्मित 30 फुट ऊंचा भव्य प्रवेश द्वार बनाया जाएगा। धार्मिक आयोजनों के लिए कथा मंच, 4 गज़ेबो, व्यू पॉइंट और आकर्षक लैंडस्केपिंग का कार्य किया जाएगा।
भगवान परशुराम ने ही गढ़े थे महारथी
मुख्यमंत्री मोहन यादव ने भगवान परशुराम के ऐतिहासिक और आध्यात्मिक महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि भगवान कृष्ण ने भी भगवान परशुराम से मिले सुदर्शन चक्र का उपयोग कर असंभव को संभव किया। उन्होंने भीष्म पितामह, द्रोणाचार्य और कर्ण जैसे महान योद्धाओं को शिक्षित किया। सीएम ने कहा कि भगवान राम का विवाह परशुराम जी के धनुष के कारण हुआ और माता जानकी उस धनुष को सहजता से उठा लेती थीं, जो उस युग की महिला शक्ति को दर्शाता है।
कांग्रेस पर हमला
सीएम मोहन यादव ने जिला प्रशासन को गंभीर और अजनार नदियों को पुनर्जीवित करने की योजना बनाने के निर्देश दिए। उन्होंने नदियों को धरती माता की धमनियां बताया। महिला आरक्षण बिल को लेकर सीएम ने कांग्रेस पर हमला बोला। उन्होंने कहा कि विपक्ष ने देश की आधी आबादी के अधिकार छीने हैं और परमात्मा उन्हें इस निर्लज्जता के लिए कभी माफ नहीं करेगा। मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया कि उनकी सरकार भगवान कृष्ण की लीलाओं से जुड़े स्थानों को तीर्थ के रूप में विकसित करने के लिए प्रतिबद्ध है, ताकि आने वाली पीढ़ियां अपनी सनातन संस्कृति से प्रेरणा ले सकें।


