भोपाल। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव 13 से 19 जुलाई 2025 तक दुबई और स्पेन की प्रस्तावित विदेश यात्रा पर रहेंगे। इस दौरे का मुख्य उद्देश्य मध्य प्रदेश में वैश्विक निवेश को आकर्षित करना, अत्याधुनिक प्रौद्योगिकी हस्तांतरण को बढ़ावा देना और युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर सृजित करना है।
मुख्यमंत्री के दौरे के दौरान दुबई में इंडियन बिजनेस एंड प्रोफेशनल काउंसिल के साथ बैठकें होंगी, जहां नवीकरणीय ऊर्जा, टेक्सटाइल, खाद्य प्रसंस्करण और पर्यटन जैसे क्षेत्रों में निवेश संभावनाओं पर चर्चा होगी। वहीं स्पेन में ऑटोमोबाइल, डिजाइन, शिपबिल्डिंग और फैशन उद्योगों के विशेषज्ञों से सहयोग की संभावनाएं तलाशी जाएंगी।
पिछले वर्ष यूके और जर्मनी की यात्रा से प्रदेश को ₹75,000 करोड़ के निवेश प्रस्ताव मिले थे। इस बार भी सरकार को उम्मीद है कि दुबई और स्पेन के प्रमुख उद्योगपतियों और व्यापारिक संगठनों के साथ समझौते से हजारों करोड़ के निवेश प्रस्ताव प्राप्त होंगे। इससे हजारों युवाओं को रोजगार के अवसर मिलेंगे और राज्य की औद्योगिक प्रगति को नई गति मिलेगी।
मुख्यमंत्री का यह दौरा न केवल आर्थिक, बल्कि सांस्कृतिक और पर्यटन के क्षेत्र में भी मध्य प्रदेश की वैश्विक छवि को मजबूत करेगा। सरकार का मानना है कि अंतरराष्ट्रीय साझेदारियों से प्रदेश में टिकाऊ तकनीक का प्रवेश होगा और बुनियादी ढांचे का विकास भी तेजी से होगा।
विशेषज्ञों का कहना है कि इस तरह की विदेश यात्राएं प्रदेश को वैश्विक निवेश मानचित्र पर मजबूत स्थान दिलाने में अहम भूमिका निभा रही हैं। उम्मीद है कि दुबई और स्पेन में मध्य प्रदेश को निवेश का नया ठिकाना बनाने की दिशा में यह दौरा ऐतिहासिक साबित होगा।


