CM Mohan Yadav Holi: देश समेत मध्यप्रदेश में जमकर होली का त्योहार पारंपरिक और हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। 3 मार्च को चंद्रग्रहण के कारण रंग नहीं खेला गया,जबकि 4 मार्च बुधवार को सुबह होते ही चारों तरफ होली का रंग उड़ने लगा, लोग एक दूसरे को गुलाल लगा रहे थे, रंगों की बौछारों के दौरान डीजे की धुन पर जमकर थिरक रहे थे। चारों तरफ चौक-चौराहों पर होली की मस्ती देखी गई। इसी तरह राजधानी भोपाल में भी सीएम हाउस पर रंगोत्सव चरम पर दिखाई दिया, मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव रंगों में रंगे नजर आए।
यहां कई जनप्रतिनिधि, आमजन एवं मीडियाकर्मी पहुंचे, और जमकर सीएम डॉ. मोहन यादव को रंगबिरंगे रंगों से रंग दिया।मुख्यमंत्री निवास में फूलों से भी होली खेली गई। जिसका वीडियो सीएम मोहन यादव ने अपने सोशल मीडिया हेंडल पर पोस्ट किया।
भोपाल समेत प्रदेशभर में जमकर मनी होली
भोपाल में होली के मौके पर चल समारोह निकाला गया। हिंदू उत्सव समिति के तत्वावधान में निकला होली का जुलूस दयानंद चौक से शुरू होकर जनकपुरी तक पहुंचा। शहरवासियों ने शांतिपूर्ण तरीके से होली के रंगों से वातावरण को सराबोर कर दिया। रंगों में भीगे लोग पीरगेट, भवानी मंदिर से होते हुए नाचते गाते निकले। इसी तरह अन्य बाजारों में भी होली की मस्ती देखने को मिली, वहीं गलियों में भी डीजे पर लोग थिरक रहे थे। होली के मौके पर विशेष रूप से महाराष्ट्र के ढोल बुलाए गए जिसकी थाप पर भोपालवासी खूब थिरक रहे थे।
मुख्यमंत्री ने सोशल मीडिया पर दी शुभकामनाएं
मुख्यमंत्री निवास पर मनाई होली का एक वीडियो भी सीएम मोहन यादव ने अपने एक्स हेंडल पर पोस्ट किया। ट्वीट करते हुए लिखा – होली के रंग, अपनों के संग…आज महापर्व होली के पावन अवसर पर भोपाल निवास में पूज्य संतगणों, आमजन, पत्रकार बंधुओं, पार्टी कार्यकर्ताओं और अधिकारियों के साथ एक-दूसरे को तिलक व गुलाल लगाकर होली मनाई। आप सभी को होली की पुनः हार्दिक शुभकामनाएं!


