जबलपुर/खबर डिजिटल/ मनीष तिवारी/ मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के खिलाफ विपक्ष का विरोध तेज होता नजर आ रहा है। जबलपुर के कांचघर चौक पर समस्त युवक कांग्रेस के कार्यकर्ताओं ने प्रदेश अध्यक्ष माननीय यश घनघोरिया के निर्देशानुसार मुख्यमंत्री का पुतला दहन किया। प्रदर्शनकारियों का आरोप है कि मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के कार्यकाल में उज्जैन जिले में एक बड़ा जमीन घोटाला हुआ है, जिसमें उनके परिवार के सदस्य भी शामिल हैं।
कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने मुख्यमंत्री की संपत्ति पर सवाल उठाते हुए कहा कि साल 2023 से पहले उनके पास केवल 62 एकड़ जमीन थी, लेकिन मुख्यमंत्री बनने के बाद 2023 से 2025 के बीच यह बढ़कर 168 एकड़ हो गई है। प्रदर्शन का नेतृत्व कर रहे एडवोकेट रोहित वंश ने शासन-प्रशासन से मांग की है कि इस कथित जमीन घोटाले और खरीद-फरोख्त के मामले की निष्पक्ष जांच की जाए, ताकि जनता के सामने सच आ सके कि मुख्यमंत्री जनता की कितनी और अपने परिवार की कितनी सेवा कर रहे हैं।
