कटनी,खबर digital — कर्नाटक के बेलगाम जिले में फंसे ग्राम सिघनपुरी के 8 श्रमिकों की सुरक्षित वापसी का रास्ता आखिरकार साफ हो गया है। कलेक्टर श्री आशीष तिवारी के त्वरित हस्तक्षेप और सतत प्रयासों से सभी श्रमिकों को सकुशल उनके गृह जिले कटनी लाया जा रहा है।सूचना मिलते ही कलेक्टर आशीष तिवारी ने मामले की गंभीरता को समझते हुए बेलगाम जिला प्रशासन से तत्काल संपर्क किया और श्रमिकों की सुरक्षित वापसी का अनुरोध किया। प्रशासनिक समन्वय का सकारात्मक परिणाम यह रहा कि गुरुवार देर रात ही सभी 8 श्रमिकों को ट्रेन के माध्यम से कटनी के लिए रवाना कर दिया गया।जिला श्रम पदाधिकारी श्री के.बी. मिश्रा ने बताया कि सभी श्रमिक शुक्रवार शाम लगभग 5 बजे भुसावल पहुंचेंगे, जहां से वे शाम 6 बजकर 50 मिनट पर पवन एक्सप्रेस से कटनी के लिए प्रस्थान करेंगे। यदि ट्रेन समय पर रही, तो श्रमिकों के शनिवार सुबह 4 से 5 बजे के बीच कटनी पहुंचने की संभावना है।इधर ग्राम सिघनपुरी में जैसे ही यह खबर पहुंची, श्रमिकों के परिजनों में खुशी की लहर दौड़ गई। सभी अपने प्रियजनों की सुरक्षित वापसी को लेकर उत्साहित और भावुक हैं।गौरतलब है कि गुरुवार 11 दिसंबर को ग्राम सिघनपुरी निवासी किशोर कोल ने कलेक्टर श्री तिवारी को आवेदन देकर बताया था कि एक ठेकेदार उनके परिजनों को गन्ना कटाई के नाम पर महाराष्ट्र ले गया था, लेकिन बाद में उन्हें कर्नाटक के बेलगाम जिले के नित्तूर गांव में रोक लिया गया। श्रमिकों के साथ कथित रूप से दुर्व्यवहार किया जा रहा था और उनकी मजदूरी भी नहीं दी जा रही थी।जिला श्रम पदाधिकारी ने बताया कि कटनी पहुंचने के बाद सभी श्रमिकों के विस्तृत बयान दर्ज किए जाएंगे और संबंधित ठेकेदार के विरुद्ध नियमानुसार वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।प्रशासन की इस त्वरित और संवेदनशील कार्रवाई से न सिर्फ श्रमिकों को राहत मिली है, बल्कि आमजन में शासन-प्रशासन के प्रति विश्वास भी और मजबूत हुआ है।Collector Ashish Tiwari’s Efforts Bear Fruit, 8 Stranded Workers Returning Safely from Karnataka
कलेक्टर आशीष तिवारी की तत्परता रंग लाई, कर्नाटक में फंसे 8 श्रमिकों की सुरक्षित घर वापसी
सम्बंधित ख़बरें


