कोरोना वायरस एक बार फिर चर्चा में है, क्योंकि इसका एक नया वेरिएंट BA.3.2 सामने आया है, जिसे अनौपचारिक तौर पर “सिकाडा” नाम दिया गया है. यह वेरिएंट वैज्ञानिकों और स्वास्थ्य एजेंसियों का ध्यान अपनी ओर खींच रहा है, क्योंकि इसमें पहले के वेरिएंट्स की तुलना में काफी ज्यादा बदलाव देखे गए हैं.
क्या है कोरोना का नया वेरिएंट
जानकारी के मुताबिक, यह वेरिएंट सबसे पहले 2024 में दक्षिण अफ्रीका में पहचाना गया था और बाद में धीरे-धीरे अन्य देशों में फैलने लगा. अब यह कई देशों में पहुंच चुका है और कुछ जगहों पर इसके मामलों में बढ़ोतरी भी देखी जा रही है. हालांकि अभी यह कुल मामलों का छोटा हिस्सा है, लेकिन इसकी गतिविधियों पर नजर रखी जा रही है. इस वेरिएंट की सबसे खास बात यह है कि इसमें वायरस के स्पाइक प्रोटीन में बड़ी संख्या में म्यूटेशन पाए गए हैं. यही कारण है कि विशेषज्ञों को आशंका है कि यह वेरिएंट पहले से बनी इम्युनिटी को कुछ हद तक चकमा दे सकता है. यानी जिन लोगों को पहले संक्रमण हो चुका है या जिन्होंने वैक्सीन लगवाई है, उनमें भी यह फैल सकता है, हालांकि गंभीर बीमारी से बचाव में वैक्सीन अब भी असरदार मानी जा रही है.
क्या है इसके लक्षण
गले में खराश
बुखार
खांसी
थकान
सिरदर्द
शरीर में दर्द
कई मामलों में सर्दी-जुकाम जैसे लक्षण भी नजर आते हैं, जिससे इसे पहचानना थोड़ा मुश्किल हो जाता है.
क्या गंभीर है ये वेरिएंट
विशेषज्ञों का कहना है कि फिलहाल ऐसा कोई ठोस सबूत नहीं है कि यह वेरिएंट ज्यादा गंभीर बीमारी पैदा करता है. अधिकतर मामलों में लक्षण हल्के ही पाए गए हैं, लेकिन इसका तेजी से फैलने की क्षमता चिंता का विषय बनी हुई है. यही वजह है कि स्वास्थ्य एजेंसियां लगातार इसकी निगरानी कर रही हैं और लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी जा रही है.
कैसे करें बचाव
बचाव के लिए वही पुराने उपाय अभी भी कारगर माने जा रहे हैं. अगर किसी व्यक्ति को कोरोना के लक्षण महसूस होते हैं, तो उसे तुरंत टेस्ट करवाना चाहिए और खुद को दूसरों से अलग रखना चाहिए. इसके अलावा भीड़-भाड़ वाली जगहों पर मास्क पहनना, हाथों की सफाई रखना और जरूरत पड़ने पर बूस्टर डोज लेना भी जरूरी है. अगर कोई व्यक्ति संक्रमित हो जाता है, तो उसे आराम करना चाहिए, पर्याप्त पानी पीना चाहिए और डॉक्टर की सलाह के अनुसार दवा लेनी चाहिए. गंभीर लक्षण जैसे सांस लेने में तकलीफ, सीने में दर्द या अत्यधिक कमजोरी महसूस होने पर तुरंत चिकित्सा सहायता लेनी चाहिए.
यह भी पढें- MP Pension Scheme: 55 लाख लोगों की बल्ले-बल्ले! सरकार ने ट्रांसफर किए करोड़ों रुपये, चेक करें अपना नाम
यह भी पढ़ें- MP में बिजली ने रुलाया, हुई इतनी महंगी, 1 अप्रैल से लगेगा झटका


