दतिया/खबर डिजिटल। मध्य प्रदेश कांग्रेस नेता प्रतिपक्ष जीतू पटवारी ने आज दतिया में आयोजित “वोट चोर गद्दी छोड़” रैली में शामिल होकर भाजपा सरकार पर जमकर हमला बोला। उन्होंने कहा कि लोकतांत्रिक न्याय और संवैधानिक अधिकार की रक्षा के लिए आवाज उठाना आज समय की मांग है।
जीतू पटवारी ने ने कहा कि “एक व्यक्ति, एक मत” की व्यवस्था स्वस्थ और समृद्ध लोकतंत्र के लिए जरूरी है, किंतु भाजपा ने वोट चोरी का संगठित अपराध कर प्रजातंत्र का अपमान किया है।
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की उनके प्रति की गई टिप्पणी पर प्रतिक्रिया देते हुए पटवारी ने कहा कि यह मुख्यमंत्री की निजी समझ और बौद्धिक स्तर का परिचायक है, जिसे वे विनम्रता से अस्वीकार करते हैं। उन्होंने कहा कि आदर्श राजनीति की पहचान संवाद और जनता के मुद्दों पर बहस है, न कि बिना प्रमाण के व्यक्तिगत आरोप।
शराब नीति पर फिर उठाया सवाल
पटवारी ने दोहराया कि प्रदेश में शराब का सरकारी व्यापार समाज और भविष्य को बर्बाद कर रहा है। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार के संरक्षण में नशे का कारोबार फल-फूल रहा है, जिस पर रोक लगाना जरूरी है।
“मैं जनता की आवाज़ बनता रहूंगा”
नेता प्रतिपक्ष जीतू पटवारी ने कहा कि वे वर्षों से गरीबों, युवाओं, महिलाओं और कमजोर वर्गों के अधिकारों के लिए काम कर रहे हैं और आगे भी जनता की आवाज़ बनते रहेंगे। उन्होंने मुख्यमंत्री से आग्रह किया कि वे व्यक्तिगत आरोपों में उलझने के बजाय प्रदेश के वास्तविक विकास के लिए संवाद और सहमति का रास्ता अपनाएं।
जीतू पटवारी ने कहा – “यदि हम व्यक्तिगत आरोपों में फंसेंगे तो प्रदेशवासियों के असली मुद्दों से भटक जाएंगे, और मैं ऐसा नहीं होने दूंगा। मैं अपने प्रदेशवासियों के साथ खड़ा हूं और सच के लिए लड़ता रहूंगा।”
दतिया में कांग्रेस की “वोट चोर गद्दी छोड़” रैली, जीतू पटवारी ने कहा – “नशे के कारोबार से प्रदेश का भविष्य बर्बाद हो रहा”


