सौरभ श्रीवास्तव/खबर डिजिटल/(कटनी) – सूत्रों के अनुसार कैमोर नगर सोमवार सुबह गोलियों की आवाज से गूंज उठा, जब बैंक ऑफ बड़ौदा ब्रांच के सामने दो बाइक सवार युवकों ने नीलू उर्फ़ नीलेश रजक पर नजदीक से फायरिंग कर दी।गोली लगते ही नीलू रजक सड़क पर गिर पड़ा, जबकि हमलावर बाइक से फरार हो गए। इस घटना से पूरे नगर में सनसनी फैल गई।घटना का CCTV फुटेज अब सामने आया है, जिसमें दो युवक बाइक से आते, नजदीक से गोली चलाते और फिर तेज़ रफ़्तार में भागते हुए दिखाई दे रहे हैं। वहीं, गोली लगते ही नीलू रजक सड़क पर गिरते हुए नजर आते हैं। फुटेज वायरल होते ही पुलिस ने जांच तेज़ कर दी है।प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, हमलावरों ने चेहरा कपड़े से ढक रखा था। गोली सीधे सीने में लगी, जो पसलियों को चीरते हुए आर-पार हो गई। स्थानीय लोगों ने घायल नीलू को तत्काल विजयाराघवगढ़ शासकीय चिकित्सालय पहुँचाया, जहाँ डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।सूत्रों के मुताबिक, मृतक नीलू रजक का कुछ महीने पहले एक युवक से विवाद हुआ था, जिसकी रिपोर्ट थाने में दर्ज कराई गई थी। हालांकि पुलिस का कहना है कि फिलहाल यह स्पष्ट नहीं है कि यह वारदात उसी विवाद से जुड़ी है या किसी अन्य रंजिश का नतीजा है।घटना की सूचना मिलते ही कैमोर थाना पुलिस मौके पर पहुँची और क्षेत्र में भारी पुलिस बल तैनात किया गया। वहीं, पुलिस ने CCTV फुटेज अपने कब्जे में लेकर आरोपियों की पहचान के लिए जांच शुरू कर दी है।स्थानीय सूत्रों का कहना है कि मृतक नीलू रजक बजरंग दल के पूर्व गौ सेवा प्रमुख रह चुके हैं। उनकी मौत की खबर फैलते ही नगर में शोक और आक्रोश का माहौल बन गया है।फिलहाल पुलिस पूरे मामले की गहन जांच में जुटी है और CCTV फुटेज के आधार पर जल्द ही आरोपियों की गिरफ्तारी की उम्मीद जताई जा रही है।
कैमोर में हत्याकांड से मचा हड़कंप — पूर्व गौ सेवा प्रमुख नीलू रजक की सरेआम गोली मारकर हत्या
सम्बंधित ख़बरें


