पन्ना,सतना/अंकित शर्मा/खबर डिजिटल/ पन्ना जिले के देवेंद्रनगर में नगर परिषद अध्यक्ष पति ललित गुप्ता पर जानलेवा हमला हुआ है। बुधवार को राष्ट्रीय राजमार्ग 39 पर पन्ना रोड स्थित शरीफ ढाबे के पास 2 हमलावरों ने उन्हें गोली मार दी। प्राथमिक इलाज के बाद उन्हें सतना रेफर किया गया। जहां से अब घायल नगर परिषद अध्यक्ष पति को सतना से भोपाल रेफर कर दिया गया है, जहां पर उनका इलाज जारी है।
नगर परिषद अध्यक्ष पति पर किए दो राउंड फायर
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक दना सिंह चौहान ने बताया कि ललित गुप्ता पन्ना रोड स्थित अपने मकान पर काम करवा रहे थे। तभी एक दोपहिया वाहन पर सवार युवक सामने से आया और पिस्टल से दो राउंड फायर कर फरार हो गया। बताया जा रहा है कि घायल ललित गुप्ता ने हमलावर से संघर्ष किया और उसकी पिस्टल छीन ली। गोली उनके कनपटी और हाथ में लगी। उन्हें तुरंत सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र देवेंद्रनगर में भर्ती कराया गया, लेकिन गोलियों के छरें न निकल पाने के कारण सतना रेफर कर दिया गया।
एयर लिफ्ट कर लाया गया भोपाल
सतना के बिरला विकास हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया था। जहां सीटी स्कैन के बाद आईसीयू में इलाज हुआ। डॉक्टर के मुताबिक फिलहाल उनकी हालत स्थिर है। वहीं डॉक्टरों ने घायल की हालत को ध्यान में रखकर सतना से भोपाल रेफर कर दिया। घायल ललित गुप्ता को एयर लिफ्ट कराया गया। उन्हें भोपाल ले जाया गया। सतना से एयर एंबुलेंस उड़ान नहीं भर पाई इसलिए रीवा से एयरपोर्ट से एयर एंबुलेंस भोपाल लेकर जाया गया। प्रशासन ने बिरला अस्पताल से रीवा एयरपोर्ट तक ग्रीन कॉरिडोर बनवाया।
प्लंबर बनकर रुका हुआ था हमलावर
पुलिस के अनुसार, हमलावर पिछले कुछ दिनों से देवेंद्रनगर के प्रिंसी लॉज में रुका हुआ था और खुद को प्लंबर बता रहा था। मौके से उसका आधार कार्ड मिला है, जिसमें उसकी पहचान आकाश साहू पिता परागी साहू, ग्राम नदेया, पोस्ट विक्रमपुर, जिला छतरपुर के रूप में हुई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
बीजेपी नेताओं ने जाना घायल का हालचाल
वहीं सांसद वीडी शर्मा ने घायल का हालचाल जानने के लिए वीडियो कॉल किया और डॉक्टरों से स्थिति के बारे में जानकारी ली। घटना की सूचना पर भाजपा जिला उपाध्यक्ष विजय तिवारी बिड़ला अस्पताल पहुंचे। वीडियो कॉल के माध्यम से पूर्व भाजपा प्रदेश अध्यक्ष और खजुराहो सांसद वीडी शर्मा ने घायल ललित गुप्ता से भी बात की।


