सौरभ श्रीवास्तव/खबर डिजिटल/कटनी – देव प्रबोधिनी एकादशी के पावन अवसर पर शनिवार की संध्या कटनी का ऐतिहासिक कटायेघाट भक्ति और आस्था के रंगों से सराबोर नजर आया। दीपोत्सव पर्व–2025 के अंतर्गत आयोजित भव्य कार्यक्रम में 15 हजार से अधिक दीपों की स्वर्णिम आभा से पूरा घाट जगमगा उठा। भगवान सूर्य के अस्ताचल गामी होते ही श्रद्धालुओं ने दीप प्रज्वलित कर प्रभु श्रीराम के प्रति अपनी श्रद्धा अर्पित की।
कार्यक्रम में महापौर श्रीमती प्रीति सूरी, कलेक्टर श्री आशीष तिवारी, निगमायुक्त सुश्री तपस्या परिहार सहित जिला भाजपा अध्यक्ष श्री दीपक टंडन सोनी, निगमाध्यक्ष श्री मनीष पाठक, एसडीएम प्रमोद कुमार चतुर्वेदी, डिप्टी कलेक्टर प्रदीप कुमार मिश्रा, पार्षदगण एवं शहर के अनेक गणमान्य नागरिकों की उपस्थिति रही। श्रद्धालुओं ने सामूहिक दीपदान और महाआरती कर प्रभु श्रीरामचंद्र जी, माता सीता और लक्ष्मण जी की आराधना की।जिला प्रशासन, श्रीरामचंद्र पथ गमन न्यास एवं संस्कृति विभाग के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित दीपोत्सव का दृश्य मनमोहक था।
झिलमिलाते दीपों और आतिशबाजी की चमक से सजा कटायेघाट दिव्य और अलौकिक प्रतीत हो रहा था।भक्ति संगीत संध्या में नर्मदापुरम के प्रसिद्ध भजन गायक नमन तिवारी एवं उनके साथियों ने अपनी सुमधुर प्रस्तुतियों से माहौल को भक्ति रस से भर दिया। “गाइये गणपति जगवंदन”, “राम नाम अति मीठा है”, “तेरी चौखट में चलकर आज राम आये हैं” जैसे भजनों ने श्रद्धालुओं को मंत्रमुग्ध कर दिया।इस अवसर पर मेयर इन काउंसिल सदस्य सुभाष साहू, डॉ. रमेश सोनी, सुरेंद्र गुप्ता, बीना बैनर्जी, शकुंतला सोनी, रेखा संजय तिवारी, उमेंद्र अहिरवार, रवि खरे, शशिकांत तिवारी, रचना गुप्ता, समाजसेवी अज्जू सोनी, कार्यपालन यंत्री सुधीर मिश्रा, असीत खरे, अंशुमान सिंह, राजस्व अधिकारी जागेश्वर पाठक, सहायक यंत्री आदेश जैन, स्वास्थ्य अधिकारी संजय सोनी सहित अनेक अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।पूरा कटायेघाट दीपों, संगीत और भक्ति के रंगों से सराबोर होकर प्रभु श्रीराम के जयघोष से गूंज उठा — “जय श्रीराम!


