भोपाल/ खबर डिजिटल/ मध्यप्रदेश के देवास जिले में स्थित पटाखा फैक्ट्री में गुरुवार की सुबह जोरदार धमाका हुआ। जिसमें 3 कर्मचारियों की मौके पर ही मौत हो गयी। देवास हादसे को लेकर सीएम मोहन यादव ने दुख जताते हुए हादसे में मृतक के परिजनों को 4-4 लाख रुपये मुआवजा के रूप में देने का एलान किया है।
क्या है पूरा मामला
देवास के टोंक कलां स्थित फैक्ट्री में गुरुवार की सुबह करीब 11:30 बजे अचानक तेज धमाका हुआ। विस्फोट की आवाज दूर-दूर तक सुनाई दी। घटना के बाद आसपास के लोग मौके पर पहुंच गए और फैक्टरी परिसर में धुआं फैल गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार धमाका इतना तेज था कि कई मजदूर उसकी चपेट में आ गए। प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक 3 लोगों की मौत की पुष्टि हुई है। कई घायल मजदूरों को तुरंत अस्पताल भेजा गया है। कुछ घायलों की हालत गंभीर बताई जा रही है। मृतकों और घायलों की पहचान की प्रक्रिया जारी है।
CM मोहन यादव ने क्या कहा
सीएम मोहन यादव ने सोशल मीडिया पर ट्वीट कर कहा कि देवास जिले के टोंककला में पटाखा फैक्ट्री में हुए विस्फोट में कई लोगों के हताहत होने का समाचार हृदय विदारक है। मैंने जिले के प्रभारी एवं उप मुख्यमंत्री श्री जगदीश देवड़ा जी, गृह सचिव और वरिष्ठ अधिकारियों को घटना स्थल पर पहुंचने के निर्देश दिए हैं। घटना की जांच के आदेश भी दिए हैं।
मृतकों के परिजनों को राज्य शासन की ओर से ₹4-4 लाख की आर्थिक सहायता राशि प्रदान करने एवं घायलों का निःशुल्क इलाज करने के लिये निर्देश दिये हैं। बाबा महाकाल से दिवंगतों की शांति, शोकाकुल परिजनों को दुःख सहन करने की शक्ति तथा दुर्घटना में घायलों को त्वरित स्वास्थ्य लाभ प्रदान करने की प्रार्थना करता हूं।
