शैलेश नामदेव /डिंडौरी /खबर डिजिटल/ जिले के मेहंदवानी थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम पंचायत भलवारा के पोषक ग्राम कोड़ाझिर में बुधवार की दरमियानी रात एक दिल दहला देने वाली हत्या की वारदात सामने आई है। यहां 55 वर्षीय सुबल शाह धुर्वे की उनके ही घर में सोते समय अज्ञात आरोपी ने धारदार हथियार से हत्या कर दी। नृशंस हत्या से पूरे गांव में दहशत फैल गई है। सूचना पर पहुंची पुलिस ने पंचनामा तैयार कर मामला दर्ज किया और जांच शुरू कर दी है।
रात 11:30 बजे वारदात
परिजनों के मुताबिक बुधवार रात करीब 11:30 बजे सुबल शाह अपने परिवार के साथ घर में सो रहे थे। तभी अचानक तेज आवाज सुनकर अन्य परिजन जाग गए। जब वे कमरे में पहुंचे तो सुबल शाह खून से लथपथ मृत अवस्था में पड़े थे। हमलावर ने कान के पास गहरा वार कर उन्हें मौत के घाट उतार दिया। वारदात के बाद आरोपी अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गया।
परिवार उसी कमरे में सो रहा था
घटना के समय सुबल की पत्नी व बच्चे भी घर में मौजूद थे, लेकिन हमलावर की आहट उन्हें नहीं लगी। घर के एक कमरे में दरवाजा नहीं था, जिससे यह आशंका जताई जा रही है कि आरोपी उसी रास्ते से अंदर घुसा होगा। वारदात के तुरंत बाद परिजनों ने डायल 112 को सूचना दी।
बस्ती से दूर था सुबल का घर
ग्रामीणों का कहना है कि सुबल शाह का घर गांव की बस्ती से थोड़ा दूर, जंगल की ओर स्थित है। आसपास केवल एक और मकान है। माना जा रहा है कि इसी सुनसान वातावरण का फायदा उठाकर आरोपी ने हत्या को अंजाम दिया। सुबल शाह रोज की तरह जल्दी सो गए थे और अक्सर मुख्य दरवाजा हल्का बंद ही रखते थे।
सुबह पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जुटाए साक्ष्य
सूचना के बाद गुरुवार सुबह मेहंदवानी पुलिस घटनास्थल पर पहुंची। पुलिस टीम ने स्थल निरीक्षण कर साक्ष्य इकट्ठे किए और शव को पोस्टमार्टम हेतु सिविल अस्पताल मेहंदवानी भेजा। परिजनों के बयान दर्ज कर मामले की विवेचना शुरू कर दी गई है।
थाना प्रभारी बोले – आरोपी की तलाश तेज
मेहंदवानी थाना प्रभारी श्याम सुंदर उसराठे ने बताया कि “मृतक का पोस्टमार्टम करवाकर शव परिजनों को सौंप दिया गया है। अज्ञात आरोपी के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर लिया गया है। तकनीकी और भौतिक साक्ष्यों के आधार पर आरोपी की तलाश की जा रही है। जल्द ही गिरफ्तारी की जाएगी।”
गांव में दहशत का माहौल
हत्या के बाद गांव में भय का माहौल व्याप्त है। ग्रामीणों के मन में कई सवाल खड़े हो रहे हैं —
क्या आरोपी मृतक को जानता था?
क्या कोई पुरानी रंजिश थी?
क्या सुनसान घर को निशाना बनाकर किसी बाहरी ने वारदात की?
पुलिस इन सभी बिंदुओं पर गहराई से जांच कर रही है। परिजनों ने सरकार और प्रशासन से जल्द से जल्द हत्यारे की गिरफ्तारी की मांग की है।


