डिंडौरी। मुख्यमंत्री तीर्थ दर्शन योजना Mukhyamantri Tirth Darshan Yojana के अंतर्गत शहपुरा जनपद पंचायत से द्वारका सोमनाथ यात्रा के लिए आज बुजुर्ग यात्रियों का दल रवाना हुआ। लेकिन यात्रा से पहले ही यात्रियों की चयन सूची को लेकर सवाल खड़े हो गए हैं।
जानकारी के अनुसार इस सूची में शामिल सभी यात्री एक ही गांव से बताए जा रहे हैं, जिससे अन्य गांवों के बुजुर्गों और ग्रामीणों में नाराजगी देखी जा रही है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि शहपुरा जनपद क्षेत्र में कई गांव हैं, जहां बड़ी संख्या में पात्र बुजुर्ग निवास करते हैं। ऐसे में यह प्रश्न उठना स्वाभाविक है कि क्या अन्य गांवों में कोई भी बुजुर्ग इस योजना के योग्य नहीं थे, या फिर उन्हें योजना की जानकारी ही नहीं दी गई। ग्रामीणों का आरोप है कि मुख्यमंत्री तीर्थ दर्शन योजना का उचित प्रचार-प्रसार नहीं किया गया, जिसके कारण कई पात्र लोग आवेदन से वंचित रह गए।
आज द्वारिका सोमनाथ यात्रा के लिए यात्री प्रशासनिक व्यवस्था के तहत रवाना हुए, लेकिन चयन प्रक्रिया को लेकर उठे सवालों पर प्रशासन की ओर से कोई स्पष्ट स्थिति सामने नहीं आई है। ग्रामीणों का कहना है कि यदि समय रहते सभी गांवों में योजना की जानकारी दी जाती, तो अधिक संख्या में बुजुर्ग इसका लाभ उठा सकते थे।
साथ ही यह भी सवाल उठ रहा है कि अंतिम सूची तैयार करते समय प्रशासन ने इस तथ्य पर ध्यान क्यों नहीं दिया कि चयन केवल एक गांव तक सीमित रह गया। ग्रामीणों ने मांग की है कि भविष्य में ऐसी योजनाओं में पारदर्शिता सुनिश्चित की जाए और सभी गांवों के बुजुर्गों को समान अवसर दिया जाए।


