डिंडोरी /खबर डिजिटल /शैलेश नामदेव/ Dindori News: डिंडोरी, शहपुरा थाना पुलिस ने शनिवार की सुबह बेजुबान मवेशियों को बेहद क्रूरता और असुरक्षित तरीके से ले जा रहे एक ट्रक को पकड़ा है। पुलिस ने मौके से आयशर ट्रक को जब्त कर 26 मवेशियों को आजाद कराया, वहीं चालक को गिरफ्तार कर लिया है। मामले में शामिल दो अन्य आरोपी पुलिस को देखकर मौके से भाग निकले।
ऐसे पकड़े गए पशु तस्कर
पुलिस को सुबह मुखबिर से सूचना मिली थी कि डिंडौरी रोड की तरफ से लाल रंग के ट्रक में बड़ी संख्या में मवेशियों को भरकर जबलपुर की तरफ ले जाया जा रहा है। खबर मिलते ही पुलिस टीम ने तुरंत कार्रवाई की और जबलपुर मार्ग पर कोहानी देवरी गांव के पास ट्रक क्रमांक MP-20-XB-5439 को रोका।
जब ट्रक को खोलकर देखा गया तो उसमें 20 पड़िया और 6 पड़े बुरी तरह रस्सियों से बंधे हुए मिले। जानवरों के लिए हवा, पानी या चारे की कोई व्यवस्था नहीं थी। पुलिस ने सभी 26 मवेशियों को ट्रक से बाहर निकलवाया और सुरक्षा के साथ पास की गौशाला भिजवा दिया।
जबलपुर का रहने वाला है चालक
पकड़े गए ट्रक चालक ने अपना नाम मोहम्मद रफीक 43 वर्ष, निवासी आधारताल, जबलपुर बताया है। पूछताछ में उसने खुलासा किया कि इन मवेशियों को ग्राम चांदपुर पड़रिया से नीतीश शुक्ला नामक व्यक्ति के घर के पास से ट्रक में लादा गया था।
घटना के दौरान गाड़ी में मौजूद दो अन्य आरोपी—राजा बाबू खान और रिजवान खान पुलिस को चकमा देकर फरार हो गए। पुलिस दोनों की तलाश कर रही है।
पुलिस ने गिरफ्तार चालक और दोनों फरार आरोपियों के खिलाफ पशु क्रूरता निवारण अधिनियम और मध्यप्रदेश कृषक पशु परिरक्षण अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
यह पूरी कार्रवाई पुलिस अधीक्षक आशीष खरे और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक रेखा सिंह के मार्गदर्शन में, शहपुरा थाना प्रभारी अनुराग जामदार के नेतृत्व और उनकी टीम द्वारा की गई।
