Tuesday, November 3, 2026
Homeमध्यप्रदेशजबलपुरनेशनल लोक अदालत: न्यायाधीश कर्नल सिंह श्याम ने 54 प्रकरणों का कराया...

नेशनल लोक अदालत: न्यायाधीश कर्नल सिंह श्याम ने 54 प्रकरणों का कराया आपसी समझौते से निराकरण

शहपुरा /खबर डिजिटल /शारदा नामदेव/ जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, डिण्डौरी के तत्वावधान में आयोजित नेशनल लोक अदालत में पक्षकारों के बीच आपसी सहमति और सुलह-समझौते के माध्यम से 54 मामलों का सफलतापूर्वक निराकरण किया गया। यह लोक अदालत व्यवहार न्यायालय परिसर, शहपुरा में आयोजित की गई।

न्यायाधीश कर्नल सिंह श्याम की खंडपीठ के समक्ष लंबित एवं प्रीलिटिगेशन स्तर के विभिन्न प्रकरण प्रस्तुत किए गए। न्यायाधीश द्वारा पक्षकारों को समझाइश देते हुए आपसी सद्भाव के साथ विवादों को सुलझाने के लिए प्रेरित किया गया, जिसके परिणामस्वरूप कुल 54 मामलों में दोनों पक्षों की सहमति से अंतिम फैसला हुआ।

लोक अदालत के माध्यम से राजीनामे योग्य आपराधिक मामले, धारा 138 चेक बाउंस, वैवाहिक विवाद और सिविल मामलों का निपटारा किया जाता है। इससे न केवल पक्षकारों के समय, धन और श्रम की बचत होती है, बल्कि वर्षों से चल रहे विवाद हमेशा के लिए समाप्त होकर आपसी भाईचारा भी स्थापित होता है।
लोक अदालत के आदेश/अवार्ड अंतिम होते हैं और इनके विरुद्ध कोई अपील नहीं होती।

मामलों के निराकरण के बाद कई वर्षों से न्यायालय के चक्कर काट रहे पक्षकारों ने राहत की सांस ली और दोनों पक्षों ने खुशी-खुशी एक-दूसरे को विदा किया। लोक अदालत में अधिवक्ताओं, न्यायालयीन कर्मचारियों एवं पक्षकारों की उल्लेखनीय उपस्थिति रही।

सम्बंधित ख़बरें

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

लेटेस्ट