डिंडौरी/शैलेश नामदेव/खबर डिजिटल/ जिले में मतदाता सूची पुनरीक्षण (SIR-2026) को समय-सीमा में पूरा करने के लिए कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी द्वारा महत्वपूर्ण आदेश जारी किए गए हैं। मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी, मध्यप्रदेश के निर्देशानुसार, पूरे जिले में 25 नवंबर 2025 तक SIR कार्य अनिवार्य रूप से पूर्ण करने को कहा गया है। इस कार्य में पहली बार आंगनवाड़ी कार्यकर्ता और आशा कार्यकर्ताओं को भी औपचारिक रूप से बीएलओ के साथ जोड़ा गया है, ताकि घर-घर सर्वे और डेटा संकलन तेजी से और सटीक रूप से हो सके।
बीएलओ करेंगे घर-घर सर्वे
निर्देशों के अनुसार बीएलओ 4 नवंबर से घर-घर जाकर मतदाता गणना प्रपत्र भरेंगे, पात्र मतदाताओं का सत्यापन करेंगे और इसके बाद संकलित प्रपत्रों का डिजिटाइजेशन कार्यालय स्तर पर करेंगे। आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं को SIR कार्य में सहयोग हेतु निर्देशित किया गया है, जोकि घर-घर गणना पत्रक वितरण में बीएलओ की सहायता करेंगी। ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों में पात्र मतदाताओं की जानकारी जुटाने में मदद, सर्वे के दौरान महिला मतदाताओं की पहचान व सत्यापन में सहयोग, डिजिटाइजेशन हेतु सही डेटा उपलब्ध कराना, प्रगति की मॉनिटरिंग महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा की जाएगी।
आशा कार्यकर्ता भी करेंगी मदद
आशा कार्यकर्ताओं को भी गणना व सत्यापन कार्य में शामिल किया गया है। जिनका काम प्रत्येक घर तक पहुंचकर बीएलओ को आवश्यक जानकारी उपलब्ध कराना, परिवारों की संख्या, स्थानांतरण, मृत्यु अथवा नए पात्र मतदाताओं की सूचना साझा करना, डेटा की वास्तविकता सुनिश्चित करना होगा, जिसकी निगरानी स्वास्थ्य विभाग द्वारा की जाएगी।
कलेक्टर ने दिए स्पष्ट निर्देश
कलेक्टर ने सभी विभागीय अधिकारियों से कहा है कि SIR कार्य को प्राथमिकता पर रखा जाए और किसी भी स्थिति में देरी न हो। बीएलओ, आंगनवाड़ी एवं आशा कार्यकर्ताओं की संयुक्त टीमों को प्रतिदिन लक्ष्य पूरा करना होगा।


