मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की अध्यक्षता में कटनी जिले की जिला विकास सलाहकार समिति का गठन
प्रभारी मंत्री उदय प्रताप सिंह उपाध्यक्ष और कलेक्टर सचिव होंगे
कटनी – कटनी जिले के दीर्घकालीन विकास की योजनाओं को प्रभावी रूप से बनाने और लागू करने के लिए मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की अध्यक्षता में जिले की जिला विकास सलाहकार समिति का गठन किया गया है। इस समिति के उपाध्यक्ष परिवहन एवं स्कूल शिक्षा मंत्री एवं जिले के प्रभारी मंत्री श्री उदय प्रताप सिंह होंगे, जबकि सदस्य सचिव की जिम्मेदारी कलेक्टर श्री आशीष तिवारी को दी गई है।
समिति में शामिल हैं सभी प्रमुख जनप्रतिनिधि और विशेषज्ञ
समिति के सदस्य के तौर पर जिले के सभी सांसद, विधायक, महापौर, जिला पंचायत अध्यक्ष और छह जनपद पंचायतों के अध्यक्ष शामिल किए गए हैं। इसके अतिरिक्त प्रभारी मंत्री द्वारा नामित 20 अन्य क्षेत्रीय विशेषज्ञ—उद्योग, व्यापार, प्रगतिशील किसान, समाजसेवा, चिकित्सा एवं विधि क्षेत्रों के प्रतिनिधि—को भी सदस्य बनाया गया है।
उल्लेखनीय सदस्यों में समाजसेवा क्षेत्र से दीपक टंडन सोनी, काशी गुप्ता, डॉ. उमा निगम, शशांक श्रीवास्तव, पीताम्बर टोपनानी, डॉ. ब्रह्मा जसूजा; शिक्षा क्षेत्र से रंगलाल पटेल कारीतलाई; कृषि क्षेत्र से उदयराज सिंह चौहान, योगेन्द्र सिंह, रवि पांडेय कूडन; विधि क्षेत्र से रामकृपाल यादव, उमेश मिश्रा; व्यापार क्षेत्र से पी.डी. अवस्थी, विजय गुप्ता, जितेन्द्र अरोरा, राम रतन पायल, नवनीत खंडेलवाल, शैलेन्द्र जैन; तथा उद्योग क्षेत्र से मनीष गेई, अनिल वासवानी शामिल हैं।
समिति के उद्देश्य एवं कार्य
इस समिति का मुख्य उद्देश्य जिले की जनता, जनप्रतिनिधियों और अन्य हितधारकों की ज़रूरतों और सुझावों के आधार पर जिले के दीर्घकालीन विकास की योजनाएँ बनाना है। समिति जिले के परंपरागत कौशल को चिन्हित कर प्रधानमंत्री के “वोकल फॉर लोकल” के सिद्धांत के अनुरूप उन्हें राष्ट्रीय एवं अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर बढ़ावा देने का रोडमैप तैयार करेगी।
समिति शासकीय योजनाओं के बेहतर क्रियान्वयन के सुझाव देगी, नवाचारों को योजना के रूप में मूर्त रूप देगी और जिले में रोजगार सृजन एवं समृद्ध मध्यप्रदेश के लक्ष्यों की दिशा में कार्य करेगी। इसके अलावा, समिति उद्योग, व्यापार, जल संरचना संरक्षण, निर्यात, कृषि, खनिज और पर्यावरण सहित विभिन्न क्षेत्रों में जिले की कार्य योजना हेतु सुझाव भी प्रदान करेगी।


