रीवा/अरविन्द तिवारी/ खबर डिजिटल/ रीवा में रिश्तों को शर्मसार कर देने वाली वारदात सामने आई है, जहां नशे के आदी पति ने अपनी ही पत्नी को मौत के घाट उतारने की कोशिश कर दी। मासूम बेटी के सामने आरोपी ने पत्नी के गले और पेट पर कई वार किए और मौके से फरार हो गया। घायल महिला की हालत नाजुक बनी हुई है। मामला सगरा थाना क्षेत्र का है, जहां शिखा मिश्रा करीब एक महीने बाद मायके से ससुराल लौटी थीं।
यह भी पढ़ें –मध्यप्रदेश निगम मंडल नियुक्तियों पर स्टॉप, लगी रोक, खंडेलवाल का फैसला
आरोप है कि शनिवार रात नशे में धुत पति दीपक मिश्रा ने विवाद शुरू किया और देखते ही देखते हैवान बन गया। आरोपी ने 11 साल पुराने रिश्ते को दरकिनार कर पत्नी के गले, सिर और पेट पर चाकू से ताबड़तोड़ वार कर दिए।
इस दिल दहला देने वाले हमले की गवाह बनी उनकी बड़ी बेटी दिशा, जिसने अपनी आंखों के सामने मां को लहूलुहान होते देखा। घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया। पुलिस ने हत्या के प्रयास का मामला दर्ज कर तलाश शुरू कर दी है। गंभीर रूप से घायल शिखा मिश्रा का संजय गांधी अस्पताल रीवा में इलाज जारी है और हालत बेहद नाजुक बताई जा रही है।


