अवैध मदिरा के विरुद्ध आबकारी विभाग की बड़ी कार्रवाई
ढीमरखेड़ा व विजयराघवगढ़ में 13 प्रकरण दर्ज, डेढ़ लाख से अधिक मूल्य का महुआ लाहन नष्ट
कटनी – जिले में अवैध मदिरा निर्माण, विक्रय एवं परिवहन पर रोक लगाने के लिए कलेक्टर श्री आशीष तिवारी के निर्देश पर आबकारी विभाग द्वारा लगातार कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में आबकारी विभाग की टीम ने ढीमरखेड़ा एवं विजयराघवगढ़ क्षेत्रों में दबिश देकर अवैध मदिरा के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है।
अभियान के तहत वृत्त ढीमरखेड़ा क्षेत्र के ग्राम खिरवा, बसेड़ा, ठिर्री, झिर्री एवं देहरी तथा विजयराघवगढ़ वृत्त के ग्राम बराती ताल, शांतिनगर, जंगल पुरैनी, जिवारा एवं देवराकला में आबकारी अमले द्वारा दबिश दी गई। कार्रवाई के दौरान कुल 13 प्रकरण आबकारी अधिनियम के तहत पंजीबद्ध किए गए तथा 1 लाख 42 हजार 275 रुपये मूल्य का महुआ लाहन मौके पर नष्ट कराया गया।
ढीमरखेड़ा वृत्त में की गई कार्रवाई के दौरान 25 पाव देशी मदिरा मसाला, 10 पाव देशी मदिरा प्लेन, 10 लीटर हाथ भट्टी शराब एवं प्लास्टिक के गुम्मों में भरा लगभग 150 किलोग्राम महुआ लाहन जप्त किया गया। इस मामले में आबकारी अधिनियम 1915 की धारा 34(1) क एवं च के तहत 6 प्रकरण दर्ज किए गए। जप्त सामग्री की अनुमानित कीमत 19 हजार 875 रुपये बताई गई है। महुआ लाहन का सैंपल लेकर शेष लाहन मौके पर नष्ट किया गया।
इस कार्रवाई में सहायक जिला आबकारी अधिकारी सूर्यभान कोरी, मंशाराम उइके, वृत्त ढीमरखेड़ा प्रभारी प्रवीण रतन बरकड़े, आबकारी उपनिरीक्षक केशव उइके, अतुल कुटार, आंचल प्रजापति सहित अन्य स्टाफ उपस्थित रहा।
वहीं विजयराघवगढ़ वृत्त प्रभारी केशव उइके के नेतृत्व में की गई कार्रवाई में 6 लीटर हाथ भट्टी शराब एवं लगभग 810 किलोग्राम महुआ लाहन बरामद किया गया। इस मामले में भी आबकारी अधिनियम 1915 की धारा 34(1) क एवं च के तहत 7 प्रकरण पंजीबद्ध किए गए। जप्त मदिरा एवं महुआ लाहन की अनुमानित कीमत 1 लाख 22 हजार 400 रुपये आंकी गई है। यहां भी महुआ लाहन का सैंपल लेकर शेष लाहन मौके पर नष्ट किया गया।
आबकारी विभाग की इस सख्त कार्रवाई से अवैध मदिरा कारोबारियों में हड़कंप मचा हुआ है। प्रशासन ने आगे भी इसी तरह की निरंतर कार्रवाई जारी रखने की बात कही है।


