Nigam Mandal Breaking: मध्य प्रदेश में भाजपा कार्यकर्ताओं और दिग्गज नेताओं का महीनों लंबा इंतजार आज समाप्त होने जा रहा है। प्रदेश के कई निगम, मंडल और प्राधिकरणों में खाली पड़े पदों पर नियुक्तियों की पहली सूची आज शाम या देर रात तक जारी हो सकती है। सूत्रों के मुताबिक, इस पहली लिस्ट में करीब 32 नामों को शामिल किया गया है, जिन्हें सरकार और संगठन ने दिल्ली की सहमति के बाद फाइनल कर लिया है।
खींचतान और बैठकों के बाद बनी सहमति
बता दें कि इन नियुक्तियों को लेकर पिछले कई महीनों से सस्पेंस बना हुआ था। कई दौर में दिल्ली और भोपाल के बीच सूचियों का आदान-प्रदान हुआ। कई बार गुटीय राजनीति और बड़े नेताओं की पसंद-नापसंद के चलते सूची अटकती रही। पिछले दिनों भोपाल में संघ, संगठन और सरकार के प्रतिनिधियों के बीच तीन दौर की गुप्त बैठकें हुईं। इन बैठकों में उन नामों पर कैंची चलाई गई जिन पर विवाद था।
चौंकाने वाले होंगे कुछ नाम
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव और भाजपा प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल ने इस बार सोशल इंजीनियरिंग और क्षेत्रीय समीकरणों का विशेष ध्यान रखा है। बताया जा रहा है कि सूची में कुछ ऐसे चेहरे शामिल हैं जो रोजाना जनता के बीच सक्रिय रहते हैं, लेकिन 4 से 5 नाम ऐसे भी हो सकते हैं जो राजनीतिक पंडितों को चौंका देंगे। पार्टी के राष्ट्रीय नेतृत्व ने इस सूची को अंतिम मंजूरी दे दी है, जिसके बाद अब केवल औपचारिक आदेश का इंतजार है।
कार्यकर्ताओं में उत्साह
लंबे समय से पद की आस लगाए बैठे जमीनी कार्यकर्ताओं में इस खबर के बाद खुशी की लहर है। लोकसभा चुनाव और उसके बाद की परिस्थितियों को देखते हुए पार्टी उन चेहरों को तवज्जो दे रही है जो संगठन के प्रति वफादार रहे हैं।
