Tuesday, November 3, 2026
Homeमध्यप्रदेशविदिशा में निशुल्क कैंसर जांच अभियान का पूर्व मुख्यमंत्री ने किया शुभारंभ

विदिशा में निशुल्क कैंसर जांच अभियान का पूर्व मुख्यमंत्री ने किया शुभारंभ

विदिशा को मिलेगी बड़ी स्वास्थ्य सौगात, टाटा मेमोरियल कैंसर अस्पताल की एक इकाई होगी स्थापित- शिवराज सिंह चौहान

भोपाल/विदिशा/ free cancer screening camp Vidisha- मुध्यप्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री एवं केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान और मध्यप्रदेश के उपमुख्यमंत्री राजेंद्र शुक्ला ने शनिवार को विदिशा मेडिकल कॉलेज में दो दिवसीय निशुल्क कैंसर जांच शिविर का शुभारंभ किया। इस स्वास्थ्य पहल का उद्देश्य लोगों में कैंसर के प्रति जागरूकता बढ़ाने के साथ-साथ समय रहते बीमारी की पहचान सुनिश्चित करना है।

केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि, आज कैंसर का नाम सुनते ही लोग डर जाते हैं, लेकिन अब घबराने की जरूरत नहीं है। उन्होंने कहा कि सुबह से सैकड़ों मरीज जांच के लिए पहुंच चुके हैं और यह संख्या लगातार बढ़ रही है। शुरुआत में इस शिविर का फोकस विदिशा, रायसेन, सीहोर और खातेगांव क्षेत्र के लोगों पर था, लेकिन इंसानियत की कोई सीमा नहीं होती। यही कारण है कि प्रदेश के कई जिलों से भी मरीज यहां जांच कराने पहुंचे हैं।

जांच के बाद होगा इलाज

शिवराज सिंह चौहान ने कहा, मैं सभी भाई-बहनों से कहना चाहता हूं कि सबसे पहले आत्मविश्वास बनाए रखें और भरोसा रखें कि वे ठीक होंगे। उनके इलाज के लिए हर संभव प्रयास किए जाएंगे। हम केवल जांच शिविर लगाकर अपनी जिम्मेदारी पूरी नहीं करेंगे। जांच के बाद हर मरीज के लिए अलग से इलाज की पूरी योजना बनाई जाएगी।

उन्होंने कहा कि, स्क्रीनिंग के बाद डॉक्टर तय करेंगे कि किस मरीज का इलाज दवाइयों, कीमोथेरेपी या रेडियोथेरेपी से होगा और किसे सर्जरी की जरूरत पड़ेगी। हमारी वचनबद्धता है कि इलाज के अंतिम परिणाम तक कोई कसर नहीं छोड़ी जाएगी और हर मरीज को बेहतर उपचार दिलाया जाएगा। केंद्रीय मंत्री ने कहा कि जनप्रतिनिधि होने का असली अर्थ जनता के दुख-दर्द को दूर करना है। दिन-रात यही प्रयास रहेगा कि किसी भी मरीज को इलाज में कोई परेशानी न आए। डॉक्टर पंकज और डॉ. माधवन सहित पूरी विशेषज्ञ टीम ने भी भरोसा दिलाया है कि, मरीज का इलाज पूरी तरह होने तक वे कदम से कदम और कंधे से कंधा मिलाकर साथ खड़े रहेंगे।

free-cancer-screening-camp-Vidisha news
free-cancer-screening-camp-Vidisha news

गुटका, तंबाकू और शराब कैंसर की बड़ी वजह

केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने लोगों से गुटका, तंबाकू और शराब जैसी नशे की आदतों से दूर रहने की अपील करते हुए कहा कि देश में सबसे अधिक मुँह का कैंसर इन्हीं कारणों से होता है। उन्होंने कहा कि गुटका और तंबाकू धीरे-धीरे इंसान की जान के दुश्मन बन जाते हैं और कई गंभीर बीमारियों को जन्म देते हैं। उन्होंने कहा कि, मेरे भाइयों, गुटका खाना छोड़ दीजिए। इसकी कोई जरूरत नहीं है। सिर्फ तंबाकू वाला गुटका ही नहीं, बल्कि सुपारी और उसमें मिलाए जाने वाले मसाले भी कैंसर का कारण बन सकते हैं। थोड़ी देर की आदत जिंदगीभर का दर्द बन सकती है।

शिवराज सिंह चौहान ने लोगों को कैंसर के शुरुआती लक्षणों के प्रति भी जागरूक रहने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि यदि मुंह में सफेद या लाल धब्बा तीन सप्ताह तक ठीक नहीं हो, मुंह पूरा न खुलता हो, निगलने में परेशानी हो, गले में लगातार दर्द बना रहे या आवाज में अचानक बदलाव आए तो इसे नजरअंदाज नहीं करना चाहिए और तुरंत कैंसर की जांच करानी चाहिए। उन्होंने कहा कि समय पर बीमारी की पहचान होने से इलाज आसान और अधिक सफल हो सकता है। साथ ही लोगों से अपील की कि वे स्वयं जागरूक रहें और अपने परिवार व समाज के अन्य लोगों को भी नशे से दूर रहने और समय-समय पर स्वास्थ्य जांच कराने के लिए प्रेरित करें।

सम्बंधित ख़बरें

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

लेटेस्ट