भोपाल/खबर डिजिटल/ गणेश चतुर्थी 27 अगस्त 2025 से राजधानी भोपाल में गणेश प्रतिमाओं की स्थापना का शुभारंभ हो रहा है। शहर के विभिन्न तिराहों और चौराहों पर गणेश प्रतिमाओं की स्थापना के साथ धार्मिक और सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
गणेश उत्सव के दौरान बढ़ती भीड़ को देखते हुए यातायात व्यवस्था में विशेष बदलाव किए गए हैं। पुलिस प्रशासन ने निर्देश जारी करते हुए कहा है कि शहर में रात 11 बजे के बाद आने वाले भारी वाहनों का प्रवेश अब रात 12:30 बजे के बाद ही किया जाएगा। यह व्यवस्था इसलिए की गई है ताकि कार्यक्रम स्थलों पर श्रद्धालुओं की आवाजाही के समय किसी प्रकार की दुर्घटना की आशंका न रहे और यातायात संचालन सुचारू रूप से हो सके।
यातायात पुलिस ने आम जनता से अपील की है कि गणेश प्रतिमा स्थापना के दौरान निर्धारित परिवर्तित मार्गों का उपयोग करें और यातायात व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग दें। साथ ही किसी भी प्रकार की असुविधा होने पर यातायात हेल्पलाइन 0755-2677340 पर संपर्क किया जा सकता है।
गणेश उत्सव के मद्देनज़र प्रशासन ने सुरक्षा और सुविधा दोनों को प्राथमिकता दी है, जिससे श्रद्धालु बिना किसी बाधा के उत्सव में शामिल हो सकें।


