नीमच/ खबर डिजिटल/ गणेश उत्सव के दौरान सुरक्षा व्यवस्था चाक-चौबंद रखने के लिए नीमच पुलिस ने आयोजकों हेतु एडवाइजरी जारी की है। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि गणेश प्रतिमा एवं पांडाल स्थल पर सुरक्षा मानकों का पालन अनिवार्य होगा।
एडवाइजरी में आयोजकों को प्रतिमा स्थल पर सीसीटीवी कैमरे लगाने, पर्याप्त मात्रा में पानी, रेत और अग्निशामक सामग्री रखने के निर्देश दिए गए हैं ताकि आपात स्थिति में तुरंत नियंत्रण पाया जा सके। साथ ही प्रतिमा स्थापित करने के लिए बनाए गए मंच को मजबूत रखने और ऊंचाई नियंत्रित रखने की बात कही गई है, जिससे नीचे कोई पशु-पक्षी न बैठ पाए।
रात्रि में पांडाल स्थल के चारों तरफ पर्याप्त रोशनी और कवरिंग की व्यवस्था करने के साथ बिजली के तारों की सुरक्षा पर विशेष ध्यान देने को कहा गया है। पुलिस ने आयोजन स्थल के आसपास यातायात प्रभावित न होने देने पर भी जोर दिया है।
इसके अलावा, पुलिस ने आयोजकों से कहा है कि वे प्रतिमा स्थल पर 24×7 नामजद वॉलंटियर्स की मौजूदगी सुनिश्चित करें और उसका रजिस्टर बनाएँ। बिजली और वेरिफिकेशन की व्यवस्था भी अनिवार्य बताई गई है।
पुलिस ने आयोजकों को सुरक्षा को लेकर समय-समय पर पुलिस से समन्वय बनाए रखने और सम्पूर्ण जिम्मेदारी निभाने के निर्देश दिए हैं। किसी भी आपात स्थिति में पुलिस कंट्रोल रूम, हेल्पलाइन नंबर 7049101042, 07423228000 या डायल 112 पर तत्काल सूचना देने की अपील की गई है।
नीमच पुलिस ने जनता से अपील की है कि वे इस बार गणेश उत्सव को सुरक्षित और शांतिपूर्ण बनाने में प्रशासन का सहयोग करें।


