घंसौर(सिवनी)/ मनोज नामदेव/खबर डिजिटल/ कौन कहता है आसमान में सुराग नहीं होता एक पत्थर तो तबीयत से उछालो यारो, कोशिश करने वालों की कभी हार नहीं होती। इसी बात को चरितार्थ करने का काम किया है घंसौर की मुख्य कार्यपालक अधिकारी शीतल ठाकुर ने। जिन्होंने एमपीपीएससी 2023 की परीक्षा में एक बार फिर सफलता हासिल कर डिप्टी कलेक्टर का पद पाया है।
एमपीपीएससी परीक्षा 2023 में पाई सफलता
जनपद पंचायत घंसौर की मुख्य कार्यपालक अधिकारी शीतल ठाकुर का डिप्टी कलेक्टर के पद पर चयन हुआ है। जनपद पंचायत घंसौर में पदस्थ सीईओ शीतल ठाकुर का एमपीपीएससी 2023 में 23वीं पोजीशन पर आकर डिप्टी कलेक्टर की पोस्ट के लिए चयन हुआ है। उन्होंने पहले प्रयास में 2022 में जनपद पंचायत सीईओ का पद पाया था, और अब दूसरे प्रयास में डिप्टी कलेक्टर पद के लिए चयनित हुई है। यह खबर सुनते ही उनके अधीनस्थ कर्मचारी, परिवार और क्षेत्र के लोगों में खुशी की लहर दौड़ पड़ी। परिणाम आने के बाद से अब तक बधाई देने वालों का तांता लगा है।
कठिन परिश्रम का दिया मंत्र
शीतल ठाकुर ने अपनी सफलता के लिए कठिन परिश्रम को सबसे महत्वपूर्ण बताया है। साथ ही सफलता का श्रेय अपने परिवारजन और स्नेहीजनों को देते हुए शीतल ठाकुर ने कहा कि उनके साथ के बिना यह सफलता पाना संभव नहीं था।


