आलीराजपुर/कुलदीप खराड़ीया/खबर डिजिटल/ मध्यप्रदेश जन अभियान परिषद द्वारा योजना, आर्थिक एवं सांख्यिकी विभाग, मध्यप्रदेश शासन के तत्वावधान में ग्रामोदय से अभ्युदय मध्यप्रदेश कार्यक्रम के अंतर्गत 18 जनवरी 2026 को चन्द्रशेखर आज़ाद नगर, जिला अलीराजपुर में विकासखण्ड स्तरीय ग्रामोत्सव आयोजित किया गया। यह आयोजन 12 जनवरी से 26 जनवरी 2026 तक ग्राम विकास पर्व के रूप में संचालित किया जा रहा है।
ग्रामीण विकास और जनभागीदारी पर जोर
ग्रामोत्सव का उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों के सर्वांगीण विकास को गति देना, जनभागीदारी को सशक्त करना एवं सामाजिक जागरूकता को बढ़ावा देना रहा। कार्यक्रम के दौरान सामाजिक समरसता, पर्यावरण संरक्षण, स्वावलंबन, स्वदेशी, शिक्षा एवं संस्कार, नशा मुक्ति, नागरिक सेवा और सामाजिक संरक्षण जैसे विषयों पर केंद्रित गतिविधियां आयोजित की गईं, जिनमें युवाओं की सक्रिय सहभागिता देखने को मिली।
युवाओं को मिला प्रेरक संदेश
मुख्य वक्ता निलेश शाह, प्राचार्य, उत्कृष्ट विद्यालय भाबरा ने स्वामी विवेकानंद जी के विचारों का उल्लेख करते हुए युवाओं को आत्मविश्वास, सेवा भाव एवं राष्ट्र निर्माण के लिए प्रेरित किया। विशेष अतिथियों हेमेंद्र गुप्ता, विक्रम बिलवाल एवं सामाजिक कार्यकर्ता हरि सिंह जमरा ने ग्रामीण विकास, पर्यावरण संरक्षण और सामाजिक दायित्व पर अपने विचार साझा किए।
सामाजिक परिवर्तन का प्रभावी माध्यम
जिला समन्वयक दीपक जगताप ने ग्रामोत्सव के उद्देश्यों पर प्रकाश डालते हुए ग्राम चौपाल, ग्राम रैली और परिवार संपर्क को सामाजिक परिवर्तन का प्रभावी माध्यम बताया। कार्यक्रम में जन अभियान परिषद के पदाधिकारी, नवांकुर संस्थाएं, ग्राम विकास समितियां, सामाजिक संगठन, ग्रामवासी एवं बड़ी संख्या में युवा उपस्थित रहे।


