गुना/तेज सिंह यादव/खबर डिजिटल/ Guna local news today: पुलिस अधीक्षक अंकित सोनी के निर्देशन में गुना जिले में नशे के अवैध कारोबार पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए पुलिस द्वारा लगातार सख्त कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में चांचौड़ा थाना क्षेत्र के ग्राम भानपुरा में अवैध शराब निर्माण के विरुद्ध पुलिस, राजस्व एवं आबकारी विभाग की संयुक्त टीमों द्वारा बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया गया।
5,600 लीटर लहान नष्ट, 121 लीटर कच्ची शराब जब्त
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक मानसिंह ठाकुर के मार्गदर्शन तथा एसडीएम चांचौड़ा रवि मालवीय एवं एसडीओपी चांचौड़ा मनोज कुमार झा के नेतृत्व में 25 दिसंबर 2025 की सुबह संयुक्त टीमों द्वारा ग्राम भानपुरा स्थित कंजर डेरों पर दबिश दी गई।दबिश की सूचना मिलते ही अवैध शराब बनाने वाले आरोपी मौके से फरार हो गए, लेकिन कार्रवाई के दौरान ऊपरी एवं निचले डेरों के आसपास बड़े-बड़े ड्रमों एवं टंकियों में शराब बनाने के लिए तैयार किया गया, लगभग 5 हजालर 600 लीटर लहान तथा हाथभट्टी से बनी 121 लीटर अवैध कच्ची शराब बरामद (liquor seized) की गई।
5.60 लाख का लहान मौके पर नष्ट
मौके से बरामद करीब 5.60 लाख रुपये मूल्य का लहान विधिवत रूप से मौके पर ही नष्ट किया गया। इसके साथ ही अवैध शराब निर्माण में प्रयुक्त भट्टी, हौज एवं अन्य सामग्री को भी नष्ट किया गया। वहीं 24 हजार रुपये मूल्य की 121 लीटर अवैध कच्ची शराब को विधिवत जब्त किया गया।
आबकारी एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज
इस अवैध शराब कारोबार में संलिप्त आरोपियों के विरुद्ध धारा 34(1)(ए), 34(1)(एफ), 34(2) आबकारी अधिनियम के तहत दो अलग-अलग प्रकरण पंजीबद्ध किए गए हैं।
इनकी रही अहम भूमिका
इस संयुक्त कार्रवाई में तहसीलदार मयंक खमरिया, आबकारी अधिकारी दीपक करोसिया, चांचौड़ा थाना प्रभारी निरीक्षक मनोज मेहरा, नायब तहसीलदार कुलदीप जादौन, बीनागंज चौकी प्रभारी उपनिरीक्षक अजय प्रताप सिंह सहित पुलिस, राजस्व एवं आबकारी विभाग की टीमों की सराहनीय भूमिका रही।


