Gwalior Gas cylinder Crisis : ग्वालियर में घरेलू गैस सिलेंडर की कमी को लेकर फैल रही अफवाहों के बीच जिला प्रशासन ने साफ तौर पर कहा है कि जिले में एलपीजी सिलेंडर की कोई कमी नहीं है। लोगों को नियमित रूप से गैस उपलब्ध कराई जा रही है। गैस आपूर्ति की निगरानी के लिए प्रशासन ने एजेंसियों का निरीक्षण शुरू कर दिया है और शिकायतों के समाधान के लिए कंट्रोल रूम भी स्थापित किया गया है।
कलेक्टर के निर्देश,एजेंसियों का निरीक्षण
जिला कलेक्टर के निर्देश पर खाद्य विभाग की टीम जिले की गैस एजेंसियों का निरीक्षण कर रही है। निरीक्षण के दौरान एजेंसियों के स्टॉक और डिलीवरी व्यवस्था की जांच की जा रही है।
रजिस्टर में बुकिंग की व्यवस्था
जिला आपूर्ति नियंत्रक के अनुसार सर्वर समस्या के चलते गैस बुकिंग में परेशानी आ रही थी। जिसे देखते हुए सभी गैस एजेंसियों को निर्देश दिए गए हैं कि उपभोक्ताओं की बुकिंग के लिए एजेंसी पर रजिस्टर रखा जाए। जो उपभोक्ता एजेंसी पर पहुंचकर अपना नाम दर्ज कराएंगे, उनकी बुकिंग सर्वर चालू होने पर एजेंसी द्वारा की जाएगी और उन्हें इसकी सूचना भी दी जाएगी।
शिकायत के लिए कंट्रोल रूम
प्रशासन ने गैस कनेक्शनधारियों की समस्याओं के समाधान के लिए जिला स्तर पर कंट्रोल रूम बनाया है। किसी भी प्रकार की समस्या होने पर नागरिक मोबाइल नंबर 7247560709 और 7000878489 पर संपर्क कर सकते हैं।
कालाबाजारी पर सख्ती
खाद्य विभाग की टीम गैस सिलेंडर की कालाबाजारी और घरेलू सिलेंडर से अवैध रिफिलिंग करने वालों पर भी नजर रखे हुए है। विभाग ने चेतावनी दी है कि यदि कोई व्यक्ति इस तरह की गतिविधियों में शामिल पाया गया तो उसके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।


