हरदा/नौशाद खान/खबर डिजिटल/ हरदा नगर पालिका क्षेत्र में करोड़ों रुपये की लागत से कराए गए बी.टी. रोड नवीनीकरण कार्यों में सामने आई गंभीर अनियमितताओं का मामला विधानसभा तक पहुंचने के बाद अब बड़ी कार्रवाई में तब्दील हो गया है। हरदा विधायक डॉ. रामकिशोर दोगने द्वारा विधानसभा में घटिया निर्माण का मुद्दा उठाए जाने के बाद शासन स्तर पर कराई गई जांच में ठेकेदार की भारी लापरवाही और गुणवत्ता मानकों के उल्लंघन की पुष्टि हुई है।
जांच में सामने आई गंभीर खामियां
जांच में पाया गया कि प्रताप टॉकीज से खेड़ीपुरा मस्जिद चौक मार्ग सहित कई प्रमुख सड़कों पर समय पर कार्य नहीं किया गया। बी.टी. की मोटाई और गुणवत्ता तय मानकों के अनुरूप नहीं पाई गई, वहीं लगभग 600 मीटर हिस्से में सड़क की हालत अत्यंत खराब पाई गई। जांच के दौरान लिए गए सैंपल का परीक्षण पॉलीटेक्निक कॉलेज, हरदा से कराया गया, जिसकी रिपोर्ट में निर्माण गुणवत्ता असंतोषजनक बताई गई।
ठेकेदार दोषी, सुरक्षा राशि राजसात
जांच प्रतिवेदन के आधार पर संचालनालय नगरीय प्रशासन एवं विकास, भोपाल ने ठेकेदार मैसर्स जैन इंफ्रास्ट्रक्चर एंड कंस्ट्रक्शन, बनापुरा को दोषी ठहराया। सुधार के निर्देशों के बावजूद कार्य शुरू न होने पर नगर पालिका ने ठेकेदार की जमा सुरक्षा निधि और प्रतिभूति राशि राजसात कर उसे ब्लैकलिस्ट कर दिया। उल्लेखनीय है कि संबंधित कार्यों का कोई भुगतान अब तक नहीं किया गया है।
नई निविदा और आगे की जांच की घोषणा
खराब सड़कों से जनता को राहत देने के लिए संबंधित मार्गों पर पुनर्निर्माण एवं मरम्मत हेतु नई निविदा प्रक्रिया शुरू की गई है। विधायक डॉ. दोगने ने कहा कि लोक निर्माण विभाग के अन्य कार्यों में भी इसी ठेकेदार द्वारा भ्रष्टाचार की शिकायतें हैं, जिनकी जांच जल्द कराई जाएगी। उन्होंने स्पष्ट किया कि जनता के पैसों की लूट किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं की जाएगी।


