घंसौर/संतोष बंदेवार/खबर डिजिटल/ कन्हीवाड़ा क्षेत्र में खेल प्रतिभाओं को बढ़ावा देने के उद्देश्य से आजाद क्लब कन्हीवाड़ा द्वारा विशेष ओपन वॉलीबॉल प्रतियोगिता का आयोजन किया जा रहा है। यह प्रतियोगिता शुक्रवार को आयोजित होगी, जिसका उद्घाटन दोपहर 2 बजे किया जाएगा।
बाजार चौक बनेगा खेल का मैदान
वॉलीबॉल प्रतियोगिता का आयोजन कन्हीवाड़ा के बाजार चौक में किया जाएगा, जहां आसपास के क्षेत्रों से आई टीमें अपना दमखम दिखाएंगी। आयोजन को लेकर युवाओं में खासा उत्साह देखा जा रहा है।
युवाओं को खेल के प्रति प्रेरणा
हर वर्ष आयोजित होने वाली इस तरह की प्रतियोगिताओं से कन्हीवाड़ा क्षेत्र के युवाओं में खेल के प्रति रुचि बढ़ती है। यही कारण है कि यहां से कई खिलाड़ी स्टेट लेवल और नेशनल लेवल की प्रतियोगिताओं में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर चुके हैं।
गांव से निकल रही प्रतिभाएं
ग्रामीण स्तर पर होने वाली ऐसी छोटी-छोटी प्रतियोगिताएं खिलाड़ियों में आत्मविश्वास और जोश भरती हैं। यह कन्हीवाड़ा के लिए गर्व की बात है कि शिक्षा के साथ-साथ खेल के क्षेत्र में भी युवा आगे बढ़ रहे हैं।


