इंदौर/सुनील बंशीवाल/खबर डिजिटल/ इंदौर विकास प्राधिकरण (IDA) के अध्यक्ष और उपाध्यक्ष की नियुक्ति को लेकर भोपाल में भाजपा के प्रदेश नेतृत्व के स्तर पर कई दौर की चर्चा हो चुकी है, लेकिन अभी तक किसी एक नाम पर सहमति नहीं बन पाई है। सूत्रों के मुताबिक, प्रदेश नेतृत्व ऐसे चेहरे की तलाश में है, जिसे संगठन और स्थानीय स्तर पर व्यापक स्वीकार्यता हासिल हो। IDA अध्यक्ष पद को लेकर सियासी गलियारों में कई नाम चर्चा में हैं, लेकिन सूत्रों का दावा है कि इनमें से कुछ नामों पर पार्टी के शीर्ष स्तर पर कोई गंभीर विचार नहीं हुआ है। ऐसे में सोशल मीडिया और राजनीतिक चर्चाओं में सामने आ रहे हर नाम को संभावित दावेदार मानना सही नहीं होगा।
हरिनारायण यादव के नाम पर लंबे समय से चर्चा
इंदौर विकास प्राधिकरण के अध्यक्ष पद के लिए हरिनारायण यादव का नाम पिछले करीब दो वर्षों से चर्चा में है। माना जा रहा है कि कैबिनेट मंत्री कैलाश विजयवर्गीय भी उनके नाम को लेकर प्रयास कर रहे हैं। हालांकि, सूत्रों का कहना है कि हरिनारायण यादव की उम्मीदवारी को लेकर इंदौर भाजपा के नेताओं और जनप्रतिनिधियों में एक राय नहीं है। यही वजह है कि लंबे समय से चर्चा में रहने के बावजूद उनके नाम पर अंतिम फैसला नहीं हो पाया है।
दीपक जैन ‘टीनू’ भी दौड़ में
भाजपा नगर अध्यक्ष पद की नियुक्ति के दौरान दीपक जैन ‘टीनू’ का नाम भी चर्चा में था। उस समय यह अटकलें चली थीं कि यदि उन्हें नगर अध्यक्ष की जिम्मेदारी नहीं मिलती है तो IDA अध्यक्ष पद के लिए उनका नाम आगे बढ़ाया जा सकता है। हालांकि, पार्टी के शीर्ष नेतृत्व तक उनकी दावेदारी को मजबूती से रखने के लिए फिलहाल कोई ऐसा बड़ा नेता सामने नहीं आया है, जिसकी संगठन के उच्च स्तर पर प्रभावी भूमिका हो। दीपक जैन टीनू को पूर्व प्रदेश भाजपा अध्यक्ष वीडी शर्मा के करीबी नेताओं में माना जाता है, लेकिन वर्तमान में वीडी शर्मा की भूमिका सांसद के तौर पर है।
मुकेश राजावत के लिए भी संगठन के भीतर लॉबिंग
मुकेश राजावत का नाम भी IDA अध्यक्ष पद को लेकर चर्चा में है। सूत्रों के मुताबिक, इंदौर भाजपा का एक गुट उनके पक्ष में अंदरखाने सक्रिय है। बताया जा रहा है कि भाजपा संगठन से जुड़े एक वरिष्ठ पदाधिकारी और एक मोर्चे के प्रदेश अध्यक्ष स्तर के नेता भी उनकी दावेदारी को मजबूत करने के लिए प्रयास कर रहे हैं। ऐसे में अध्यक्ष पद की दौड़ में फिलहाल हरिनारायण यादव, दीपक जैन ‘टीनू’ और मुकेश राजावत के नाम अपेक्षाकृत ज्यादा चर्चा में बताए जा रहे हैं।
कई चर्चित नामों पर नहीं हुआ गंभीर मंथन
राजनीतिक हलकों में IDA अध्यक्ष पद के लिए कई अन्य नाम भी सामने आते रहे हैं, लेकिन सूत्रों का कहना है कि शीर्ष नेतृत्व के स्तर पर उन नामों को लेकर कोई गंभीर चर्चा नहीं हुई है। इसी तरह कांग्रेस से भाजपा में शामिल हुए नेताओं को IDA अध्यक्ष पद की जिम्मेदारी दिए जाने की संभावना भी फिलहाल बेहद कम बताई जा रही है।
भाजपा-संघ के बीच हो चुका है मंथन
सूत्रों के मुताबिक, इंदौर विकास प्राधिकरण के अध्यक्ष पद को लेकर भाजपा संगठन और संघ स्तर पर भी चर्चा हो चुकी है। हालांकि, इस दौरान किन नामों पर विचार हुआ और किस नाम को लेकर सहमति या असहमति बनी, इसकी जानकारी फिलहाल गोपनीय रखी गई है।
सबसे बड़ा सवाल यही है कि प्रदेश नेतृत्व आखिर किस चेहरे पर दांव लगाएगा। अध्यक्ष और उपाध्यक्ष पद को लेकर कई दौर की बातचीत के बाद भी फैसला नहीं हो पाने से इंदौर भाजपा में राजनीतिक चर्चाएं तेज हैं। माना जा रहा है कि अंतिम निर्णय संगठन और शीर्ष नेतृत्व के बीच सहमति बनने के बाद ही सामने आएगा।
