सिवनी/ विशाल भारद्वाज/खबर डिजिटल/ गैस सिलेंडर का बड़ी मात्रा में भंडारण अवैध है, ये सिर्फ एजेंसी मालिक ही कर सकता है, ऐसा करते पाए जाने पर सख्त कार्रवाई का प्रावधान है। ऐसा ही कुछ सिवनी में देखने को मिला, जब एक दुकान पर बड़ी मात्रा में घरेलू गैस सिलेंडर पाए गए, जिस पर प्रशासन और खाद्य विभाग की टीम ने कार्रवाई को अंजाम दिया।
एसडीएम प्रशांत उइके का एक्शन
अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) कुरई प्रशांत उइके के भ्रमण के दौरान ग्राम ग्वारी में ईश्वर पाल पिता राधेलाल पाल की दुकान पर अवैध रूप से 14 गैस सिलेंडर रखे पाए गए। यह सिलेंडर घरेलू उपयोग हेतु निर्धारित गैस सिलेंडर होने के बावजूद व्यावसायिक प्रयोजन के लिए रखे गए थे। जिस पर तत्काल एसडीएम ने खाद्य विभाग को सूचना दी, जिस पर कार्रवाई को अंजाम दिया गया।
सभी 14 सिलेंडरों को किया जब्त
अनुविभागीय अधिकारी (रा.) प्रशांत उइके के निर्देशानुसार कनिष्ठ आपूर्ति अधिकारी (JSO) कुरई द्वारा मौके पर पहुंचकर सभी 14 सिलेंडरों को जब्त किया गया। मौके पर आवश्यक पंचनामा तैयार कर आगे की विधिक कार्रवाई प्रारंभ की गई। उन्होंने बताया कि घरेलू एलपीजी सिलेंडरों का अवैध भंडारण या विक्रय कानूनन दंडनीय अपराध है। इस प्रकार की गतिविधियों पर निगरानी रखी जा रही है तथा भविष्य में भी ऐसी कार्रवाइयां सतत जारी रहेंगी।


