सौरभ श्रीवास्तव संवाददाता कटनी– जिले में अवैध कॉलोनियों का खेल अब खुलेआम सड़कों पर दिखाई देने लगा है। टाउन एंड कंट्री प्लानिंग के नियमों को ताक पर रखकर कटनी-जबलपुर हाईवे बाईपास रोड पर बोहता पंचायत अंतर्गत पेट्रोल पंप के ठीक सामने करीब 4 एकड़ कृषि भूमि पर अवैध प्लॉटिंग का बड़ा खेल चल रहा है। सबसे गंभीर बात यह है कि इस जमीन पर बहने वाले प्राकृतिक नाले को तक पाट दिया गया, लेकिन जिम्मेदार प्रशासन अब तक कार्रवाई करने की हिम्मत नहीं जुटा पाया।सूत्रों के मुताबिक बिना रेरा अनुमति, बिना भूमि डायवर्सन और बिना वैध कॉलोनी स्वीकृति के धड़ल्ले से प्लॉट काटे जा रहे हैं। सवाल यह उठ रहा है कि आखिर प्रशासन की आंखों के सामने यह सब कैसे हो रहा है? क्या अधिकारियों को इसकी जानकारी नहीं, या फिर सबकुछ जानबूझकर नजरअंदाज किया जा रहा है?स्थानीय लोगों का आरोप है कि भू-माफियाओं के हौसले इतने बुलंद हो चुके हैं कि अब उन्हें कानून का कोई डर नहीं रह गया। कृषि भूमि को रातों-रात कॉलोनी में बदला जा रहा है और प्राकृतिक जल निकासी व्यवस्था खत्म कर पर्यावरण से भी खिलवाड़ किया जा रहा है।सबसे बड़ा सवाल यह है कि जब बिना आवासीय परिवर्तन और बिना वैधानिक अनुमति के कॉलोनी काटना नियम विरुद्ध है, तो फिर जिम्मेदार विभाग कार्रवाई क्यों नहीं कर रहे? क्या राजनीतिक दबाव के चलते अधिकारी मौन हैं, या फिर इस अवैध खेल में किसी बड़े संरक्षण की भूमिका है?जिले में लगातार बढ़ रही अवैध कॉलोनियों ने प्रशासनिक कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। अगर समय रहते कार्रवाई नहीं हुई तो आने वाले समय में यही अवैध निर्माण शहर की सबसे बड़ी समस्या बनेंगे।अब देखना यह होगा कि जिला प्रशासन भू-माफियाओं पर बुलडोजर चलाता है या फिर हमेशा की तरह शिकायतों को फाइलों में दबाकर चुप्पी साध लेता है
नाले पर कब्जा, खेतों में कॉलोनी! कटनी में भू-माफियाओं के आगे बेबस प्रशासन?”
सम्बंधित ख़बरें
